इंदौर। इंदौर सहित देशभर के दिगंबर जैन मंदिरों और चैत्यालयों में बुधवार को नौवें तीर्थंकर भगवान पुष्पदंत का ज्ञान कल्याणक श्रद्धा और भक्ति से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर भगवान का अभिषेक, शांतिधारा की गई और विश्व में शांति व सद्भाव की कामना की गई। पूजा-विधान कर अर्घ्य अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान के संदेशों का वाचन कर उनके बताए आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्तिक शुक्ल द्वितीया का यह दिन जैन धर्म में अत्यंत पावन माना जाता है। इसी तिथि को भगवान पुष्पदंत को नागवृक्ष के नीचे केवलज्ञान की प्राप्ति हुई थी। केवलज्ञान अर्थात ऐसा ज्ञान, जिसमें आत्मा के सामने कोई आवरण नहीं रहता। अतीत, वर्तमान और भविष्य, लोक और अलोक सब कुछ प्रत्यक्ष हो जाता है। इसीलिए इस दिन को ज्ञान कल्याणक कहा जाता है।

भगवान पुष्पदंत जी का संक्षिप्त परिचय

भगवान पुष्पदंत को सुविधिनाथ के नाम से भी जाना जाता है। वे वर्तमान अवसर्पिणी काल के नौवें तीर्थंकर हैं। जैन पुराणों के अनुसार उनके पूर्व भव में वे पुष्कलावती देश की पुण्डरीकिणी नगरी के राजा महापद्म थे। भूतहित जिनराज की वंदना और धर्माेपदेश सुनकर वे विरक्त हो गए। दीक्षा लेकर उन्होंने ग्यारह अंगों का अध्ययन किया, सोलह कारण भावनाओं का चिंतन कर तीर्थंकर प्रकृति का बंध किया और समाधिमरणपूर्वक प्राणत स्वर्ग में इंद्र पद प्राप्त किया। जम्बूद्वीप के भरतक्षेत्र की काकन्दी नगरी में इक्ष्वाकुवंशी, काश्यप गोत्रीय राजा सुग्रीव राज्य करते थे। उनकी पटरानी जयरामा थीं। उन्होंने फाल्गुन कृष्ण नवमी के दिन प्राणत इंद्र को गर्भ में धारण किया। गर्भकाल में माता ने सोलह स्वप्न देखे, जिनका फल तीर्थंकर पुत्र का जन्म बताया गया। मार्गशीर्ष शुक्ल प्रतिपदा के दिन पुत्र का जन्म हुआ। इंद्र ने सुमेरु पर्वत पर 1008 कलशों से जन्माभिषेक किया और कुंद पुष्प के समान श्वेत कांतिवाले बालक का नाम पुष्पदंत रखा। भगवान का चिह्न मगर है। देहवर्ण कुंद पुष्प के समान श्वेत, ऊंचाई 100 धनुष और आयु दो लाख पूर्व बताई गई है। उनका वंश इक्ष्वाकु और वर्ण क्षत्रिय था। राज्य करते हुए एक दिन उल्कापात देखकर उन्हें वैराग्य हुआ। उन्होंने विचार किया कि यह उल्का नहीं, बल्कि मेरे अनादि कालीन महामोह रूपी अंधकार को नष्ट करने वाली दीपिका है। उन्होंने पुत्र सुमति को राज्य सौंपा और सूर्यप्रभा पालकी में बैठकर पुष्पकवन में मार्गशीर्ष शुक्ल प्रतिपदा को एक हजार राजाओं के साथ दीक्षा ले ली। शैलपुर नगर के राजा पुष्पमित्र ने उन्हें प्रथम आहारदान दिया। छद्मस्थ अवस्था के चार वर्ष बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया को नागवृक्ष के नीचे उन्हें केवलज्ञान प्राप्त हुआ। इसके बाद उन्होंने आर्यदेश में विहार कर धर्माेपदेश दिया। उनके समवसरण में प्रथम गणधर विदर्भ सहित 88 गणधर, दो लाख मुनि, तीन लाख अस्सी हजार आर्यिकाएं, तीन लाख श्रावक और पांच लाख श्राविकाएं थीं। अंत में सम्मेदशिखर पहुंचकर भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के दिन उन्होंने सर्व कर्मों से मुक्ति प्राप्त की।

भगवान पुष्पदंत जी के मांगलिक संदेश

भगवान पुष्पदंत का संदेश केवल पूजा तक सीमित नहीं है, वह जीवन को बदलने का संदेश है। उन्होंने रत्नत्रय का मार्ग बताया - सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चारित्र। सम्यक दर्शन का अर्थ है आत्मा और पर को सही रूप में जानना। सम्यक ज्ञान का अर्थ है भ्रम से रहित ज्ञान। सम्यक चारित्र का अर्थ है ज्ञान के अनुसार आचरण। जब तक ये तीनों एक साथ नहीं होते, तब तक मुक्ति संभव नहीं है। उनका दूसरा बड़ा संदेश अहिंसा है। अहिंसा केवल किसी जीव को न मारना नहीं है, बल्कि मन, वचन और काय से किसी को कष्ट न पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हर आत्मा में परमात्मा बनने की शक्ति है। किसी भी जीव को छोटा या तुच्छ मत समझो। जिस चींटी को तुम पैरों तले कुचल देते हो, वह भी कभी तुम्हारी ही तरह मनुष्य थी और तुम भी कभी उसी पर्याय में थे। उन्होंने अपरिग्रह का उपदेश दिया। परिग्रह ही दुख का मूल है। जितना अधिक संग्रह होगा, उतनी अधिक चिंता, भय और आसक्ति बढ़ेगी। आवश्यकता से अधिक रखना भी हिंसा है, क्योंकि वह किसी और के हिस्से को छीनना है। सत्य, अचौर्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह- ये पांच महाव्रत ही मोक्षमार्ग की नींव हैं। भगवान पुष्पदंत ने यह भी बताया कि पुण्य भी बंधन है और पाप भी बंधन है। पुण्य से सुख-सुविधाएं मिल सकती हैं, लेकिन मुक्ति नहीं। मुक्ति के लिए पुण्य-पाप दोनों से ऊपर उठना होगा। कर्मों के उदय से ही हमें सुख-दुख मिलते हैं। कर्म जैसा नचाता है, हम वैसा नाचते हैं। इसलिए कर्मों को क्षय करने का पुरुषार्थ करो। ध्यान, तप, संयम और स्वाध्याय से ही कर्म निर्जरा होती है।

आज के जीवन में प्रासंगिकता

आज मनुष्य विशेष बनने की दौड़ में है। बड़ा पद, अधिक धन, अधिक प्रसिद्धि - यही उसका लक्ष्य बन गया है। भगवान पुष्पदंत का जीवन बताता है कि सच्ची महानता बाहरी वैभव में नहीं, आंतरिक वैराग्य में है। उन्होंने राज्य, वैभव और परिवार सब कुछ छोड़कर आत्मा की खोज की। उल्कापात जैसी सामान्य घटना ने उन्हें यह बोध करा दिया कि यह संसार क्षणभंगुर है। ज्ञान कल्याणक का संदेश यही है कि ज्ञान केवल किताबों से नहीं मिलता, वह आत्मा के अनुभव से मिलता है। जब हम अपने भीतर झांकते हैं, अपने दोषों को देखते हैं और उन्हें दूर करने का संकल्प लेते हैं, तभी सच्चा ज्ञान प्रकट होता है। इसलिए इस दिन केवल अभिषेक और पूजा ही पर्याप्त नहीं है। हमें अपने जीवन में एक छोटा सा नियम लेना चाहिए- किसी जीव को कष्ट न पहुंचाना, झूठ न बोलना, आवश्यकता से अधिक संग्रह न करना और प्रतिदिन कुछ समय आत्मचिंतन में लगाना। यही भगवान पुष्पदंत का सच्चा ज्ञान कल्याणक मनाना होगा।