मुरैना। जेएसी मुरैना जागृति द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक समारोह ‘दीपोत्सव 2026’ हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मुरैना कलेक्टर लोकेशकुमार जांगिड़ एवं विशेष अतिथि दिव्या शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में JAC की सभी सदस्यों ने सहभागिता निभाई। संस्था की अध्यक्ष इति माहेश्वरी, फाउंडर प्रेसिडेंट भावना जैन, कोषाध्यक्ष हेमलता मोदी, सचिव सुमन भदौरिया तथा कार्यक्रम संयोजक कंचन सिंह एवं रश्मि सिंह सहित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह का मुख्य आकर्षण पहली बार मुरैना में आयोजित भजन जैमिंग रहा। रागायाम बैंड की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने भक्ति और संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। वहीं दिव्या शर्मा की मनमोहक भजन प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सामूहिक दीपोत्सव एवं भव्य आतिशबाजी ने समारोह की रौनक को और बढ़ा दिया।
भाईचारे की भावना को नई ऊर्जा मिलती है
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं एवं आयोजन की रूपरेखा को स्ट्रीट रॉकर्स की टीम ने आकर्षक ढंग से अंजाम दिया। टीम की बेहतरीन योजना और कुशल प्रबंधन ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर JAC की अध्यक्ष इति माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि खुशियां बांटने, आपसी जुड़ाव बढ़ाने और सामाजिक एकता एवं सौहार्द को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। सामूहिक सहभागिता से समाज में अपनत्व और भाईचारे की भावना को नई ऊर्जा मिलती है।
मुरैना के लिए यादगार शाम
मुरैना वासियों ने भी इस भव्य आयोजन की सराहना की। विशेष रूप से पहली बार आयोजित भजन जैमिंग और रागायाम बैंड की संगीतमय प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। जेएसी मुरैना जागृति का यह आयोजन परंपरा, संस्कृति, आध्यात्मिकता और आधुनिकता का अनूठा संगम बनकर मुरैना के लिए यादगार शाम साबित हुआ।




