कुण्डलपुर। सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में शरद पूर्णिमा की पूर्व बेला में 24 और 25 अक्टूबर 2026 को गुरु परंपरा समर्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। गुरु भक्तों के इस महा समागम की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं, समिति दायित्वों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को लेकर मुनि संघ के सान्निध्य में बैठक हुई।

बैठक में प्रबंध कार्यकारिणी समिति, गुरु भक्तों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समारोह को सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समितियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

परिश्रम और समर्पण से साकार होते हैं संकल्प

निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने कहा कि बड़े आयोजन की सफलता केवल संकल्प लेने से नहीं होती, बल्कि सुनियोजित व्यवस्था, कुशल संयोजन और समर्पित कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से संभव होती है।

उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति अपने लक्ष्य के लिए पसीना बहाता है, परिश्रम करता है और पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाता है, वही इतिहास रचता है।” प्रत्येक व्यक्ति की योग्यता पहचानकर उसे उचित दायित्व देना आवश्यक है। सामूहिक शक्ति और समन्वय से बड़े संकल्प भी साकार होते हैं।

गुरु परंपरा के प्रति कृतज्ञता का आयोजन

मुनिश्री ने कहा कि सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की साधना, दूरदृष्टि और आध्यात्मिक प्रेरणा से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमि है। बड़े बाबा भगवान आदिनाथ के भव्य मंदिर का निर्माण गुरु संकल्प, साधना और असंख्य श्रद्धालुओं के समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा समर्पण समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गुरु परंपरा के योगदान का स्मरण करने और उसके आध्यात्मिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।

गुरु परंपरा का होगा गुणगान

आयोजन में गौतम गणधर एवं आचार्य कुंदकुंद स्वामी से लेकर आचार्य शांतिसागर, वीरसागर, शिवसागर, देशभूषण, धर्मसागर, ज्ञानसागर, विद्यासागर तथा वर्तमान आचार्य श्री समयसागर जी महाराज तक की गुरु परंपरा का स्मरण और गुणगान किया जाएगा।

प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि प्रबंधकारिणी कमेटी सिद्धक्षेत्र कुण्डलगिरि, कुण्डलपुर के तत्वावधान में समारोह आयोजित होगा। आयोजन का निर्देशन बाल ब्रह्मचारी वाणीभूषण प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया जी, बंडा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

देशभर से पहुंचेंगे गुरु भक्त

आयोजन में देशभर से व्रती, विद्वान, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। समिति ने क्षेत्रीय समितियों और समाजजनों से सक्रिय सहभागिता कर अधिकाधिक गुरु भक्तों को समारोह से जोड़ने का आग्रह किया है।

कुण्डलपुर क्षेत्र कमेटी एवं आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से 24 और 25 अक्टूबर को सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर पहुंचकर समारोह में सहभागी बनने की अपील की है।

श्रीफल साथी : राजीव सिंघई