कुचामन सिटी। जिओ और जीने दो तथा अहिंसा के संदेशक 1008 भगवान महावीर का 2553वां मोक्ष कल्याणक सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा श्री जैन वीर मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा,भक्ति एवं उल्लास से मनाया गया। प्रातःकाल सभी जिनालयों में कलशाभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं विधान के आयोजन हुए। भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर डीडवाना रोड पर बड़े बाबा की सवा सात फीट विशाल प्रतिमा का सैकड़ों श्रावकों ने कलशाभिषेक एवं शांतिधारा कर पूजन-विधान किया। भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक दिवस एवं
अमावस्या के पावन अवसर पर निर्वाण लाडू धूमधाम से समर्पित कर श्रावकों ने धर्म लाभ प्राप्त किया।
सामूहिक दीपावली स्नेह मिलन में उमड़ा उत्साह
प्रातः 11:30 बजे समाज का सामूहिक दीपावली स्नेह मिलन समारोह हुआ। जयकुमार पहाड़िया, सोभागमल गंगवाल, सुभाष पहाड़िया, विनोद झांझरी एवं लकी ड्रॉ कूपन व हाउजी कार्यक्रम के पुरस्कार प्रदाता श्रावक श्रेष्ठी अनिल कुमार, पंकज कुमार, यथार्थ, दुलीचंद डोसी परिवार ने भगवान के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विजेताओं का पुरस्कार दिए
समारोह में अशोक झांझरी, पार्षद बरखा रानी पाटनी, गुंजन गंगवाल एवं वर्षा झाझरी ने हाउजी व लकी ड्रॉ का आयोजन कर विजेताओं की घोषणा की। लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार श्रावक श्रेष्ठी नरेंद्र कुमार एवं रंजू पहाड़िया परिवार, द्वितीय पुरस्कार सुमति कुमार एवं सक्षम पहाड़िया परिवार तथा तृतीय पुरस्कार सुरेश कुमार एवं राजीव पाटोदी परिवार को प्रदान किया गया। समारोह में समाजजन ने नाच-गाने के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। डोसी परिवार द्वारा मंच पर आकर नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
समाजजनों का सराहनीय सहयोग
कार्यक्रम में देवेंद्र पहाड़िया, सुभाष रावका, पवन गोधा, अशोक अजमेरा, राजकुमार बज, सचिन गंगवाल, प्रमोद पांड्या, अभिषेक पाटनी सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजजनों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।




