दाहोद। श्री शांतिनाथ जिनालय, महावीर नगर, दाहोद में दस लक्षण महापर्व’ का शुभारंभ प्रथम दिवस उत्तम क्षमा के पावन अवसर पर धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर प्रातःकाल विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ पंचामृत अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन किया गया। दस लक्षण पर्व के दस दिवसीय आयोजन के अंतर्गत श्री जी को मंडले पर पांडुक शिला में विराजमान करने का पुण्यार्जक बनने का सौभाग्य वीणा बेन प्रवीण भाई दोषी परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं मूलनायक भगवान श्री शांतिनाथ जी के अभिषेक एवं शांतिधारा का पुण्य लाभ सुनीता बेन किशोर भाई कोठारी परिवार को प्राप्त हुआ। प्रथम दिवस भगवान के अभिषेक में 11 औषधीय रस एवं दुग्ध का प्रयोग किया गया। जिसमें महावीर नगर के विभिन्न परिवारों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
सभी कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की
दस दिवसीय मुख्य कलश स्थापना का पुण्यार्जक बनने का लाभ काजल बेन दीपक भाई पंचोली परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि अखंड दीपक के पुण्यार्जक सज्जन बेन रवि भाई पंचोली परिवार रहे। कार्यक्रम में मार्गदर्शन दीपक भाई दोषी एवं राजेश भाई शाह द्वारा किया गया। संचालन अभिषेक कोठारी एवं अतुल जैन ने किया। सभी कार्यक्रम में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ लिया। दसलक्षण महापर्व के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया जाएगा।




