मुरैना/पोरसा। पोरसा थाना क्षेत्र के भिंड रोड पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ओम पैलेस के सामने तेज रफ्तार ईको कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार गांधी नगर, पोरसा निवासी मनीष पुत्र राजेंद्र जैन (38) और भिंड जिले के गोरमी निवासी आनंद पुत्र प्रकाश चन्द्र जैन बाइक से गोरमी क्षेत्र स्थित सुकांड जैन मंदिर में दर्शन करने के बाद पोरसा लौट रहे थे। इसी दौरान भिंड रोड पर ओम पैलेस के सामने सामने से आ रही ईको कार क्रमांक एमपी 07 एएल 0358 के चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पोरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार को जब्त कर लिया है। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति तथा अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर से समाज, परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने ला दी है।