अशोकनगर। वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्रीमद् जिनेंद्र रजत रथयात्रा एवं विमान महोत्सव के दूसरे दिन श्रीजी की विशाल शोभायात्रा शहर के मध्य से श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली। परम पूज्य मुनि श्री निरंजनसागर जी महाराज के सान्निध्य में पंचायत कमेटी मंत्री शैलेंद्र श्रागर के मंत्रोच्चार के बीच प्रभु को रथ एवं विमान में विराजमान किया गया।

प्रमुख मार्गों से निकली रजत रथयात्रा

रथयात्रा सुभाषगंज से प्रारंभ होकर मैन बाजार, नेहरू बाल उद्यान, इंद्र पार्क, बजरिया मोहल्ला एवं सुराना पार्क से होते हुए शांति नगर मंदिर पहुंची। दिनभर चली यात्रा का नगर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। शांति नगर मंदिर पहुंचने पर रथयात्रा धर्मसभा में परिवर्तित हुई।

मन की अशांति का कारण स्वयं खोजें

धर्मसभा में मुनि निरंजनसागर जी महाराज ने कहा कि पहले मन की अशांति को दूर करना आवश्यक है, तभी व्यक्ति सही निर्णय ले सकता है। इच्छा के अनुरूप परिणाम न मिलने पर राग-द्वेष और अशांति बढ़ती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं अपने मन की अशांति के कारणों को पहचानना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिनभर में बोले गए अनुचित शब्दों और किए गए गलत कार्यों का आत्मपरीक्षण करना चाहिए। नशा, गुटखा, तंबाकू एवं शराब जैसी बुरी आदतों को विवेकपूर्वक छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति दुनिया से भले ही छिपा ले, लेकिन अपने मन से कुछ नहीं छिपा सकता।

मुनिश्री ने परिवारों में बैरभाव न रखने और घर को सुधारने का प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कटुता को लंबे समय तक मन में रखने से सुख नहीं मिलता, इसलिए क्षमा और सद्भाव का मार्ग अपनाना चाहिए।

44वें दीक्षा दिवस का पोस्टर विमोचित

गत वर्ष अशोकनगर में चातुर्मास करने वाले निर्यापक श्रमण मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के 44वें दीक्षा दिवस समारोह का पोस्टर जैन समाज अध्यक्ष राकेश कासल, महामंत्री राकेश अमरोद, कोषाध्यक्ष सुनील अखाई एवं मंत्री विजय धुर्रा ने विमोचित कर मुनि निरंजनसागर जी महाराज को भेंट किया।

मंत्री विजय धुर्रा ने बताया कि सुधासागर महाराज ने अशोकनगर में त्रिकाल चौबीसी की स्थापना कराकर क्षेत्र को तीर्थस्वरूप पहचान प्रदान की है। देशभर से श्रद्धालु त्रिकाल चौबीसी के दर्शन-वंदन के लिए पहुंचते हैं।

इंदौर में होगा स्मारिका का विमोचन

मुनि सुधासागर जी महाराज का 44वां दीक्षा दिवस समारोह मंगलवार, 29 सितंबर को दोपहर 1 बजे से दलाल बाग मैदान, इंदौर में गुरु उपकार दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर अशोकनगर चातुर्मास स्मारिका का विमोचन श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी द्वारा मुनि निरंजनसागर महाराज के सान्निध्य में किया जाएगा।

समारोह में राजस्थान, गुजरात, उत्तरप्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से गुरु भक्तों के पहुंचने की संभावना है। अशोकनगर जैन समाज ने सभी श्रद्धालुओं से समारोह में सहभागी बनने का अनुरोध किया है।

कार्यक्रम में सहभागिता

गांव मंदिर में कलशाभिषेक भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश कासल चक्रवर्ती, महामंत्री राकेश अमरोद, कोषाध्यक्ष सुनील अखाई, उपाध्यक्ष अजित बरोदिया, प्रदीप तारई, राजेंद्र अमन, मंत्री विजय धुर्रा, मंत्री संजीव भारल्लिया, मीडिया प्रभारी अरविंद कचनार, ऑडिटर संजय के.टी., थूवोनजी अध्यक्ष अशोक जैन टींगू मिल, महामंत्री मनोज भैसरवास सहित समाजजन उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : राजीव सिंघई