आगरा। श्री सर्वतोभद्र जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार तथा सकल जैन समाज, ग्रेटर कमला नगर के तत्वावधान में न्यू आदर्श नगर, बल्केश्वर स्थित श्री सर्वतोभद्र जिनालय में प्रथम वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
भव्य पालकी यात्रा निकाली गई
महोत्सव के अंतर्गत दोपहर 3 बजे श्री सर्वतोभद्र जिनालय से भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा बल्केश्वर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः जिनालय पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पालकी यात्रा का स्वागत किया।
भगवान आदिनाथ का स्वर्ण कलशाभिषेक
जिनालय पहुंचने के बाद विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान आदिनाथ का पूजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत सौभाग्यशाली भक्तों द्वारा स्वर्ण कलशों से भगवान आदिनाथ का कलशाभिषेक एवं शांतिधारा की गई।
अभिषेक के दौरान जिनालय परिसर भगवान के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
त्यागी-व्रतीजनों और अतिथियों का सम्मान
इसके बाद आयोजित समारोह में मंदिर के पुजारी, त्यागी एवं व्रतीजनों का सम्मान किया गया। बाहर से पधारे अतिथियों तथा समाज के अन्य सहयोगीजन का भी अभिनंदन किया गया।
क्षमावाणी और वात्सल्य मिलन
कार्यक्रम में क्षमावाणी एवं वात्सल्य मिलन का आयोजन हुआ, जिसमें समाजजनों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना करते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई।
सायंकाल मंदिर में भव्य आरती आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन में राजीव जैन, रजत जैन, पंकज जैन, समकित जैन, मनीष जैन, सुरेश जैन, सुमेर पाड़या, शुभम जैन, बबिता जैन, खुशबू जैन, मीनाक्षी जैन, रिमझिम जैन, दीपा जैन एवं सरोज जैन सहित श्री सर्वतोभद्र जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : आगरा




