आगरा। श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पंचायती कमेटी, छीपीटोला के नेतृत्व में श्री पार्श्वधाम में पारंपरिक क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह मुनि समत्वसागर महाराज, मुनि शीलसागर महाराज एवं मुनि सुप्रभातसागर महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, राज्यसभा सांसद नवीन जैन और विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने पूज्य संतों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
चित्र अनावरण, पाद प्रक्षालन और शास्त्र विमोचन
कार्यक्रम का शुभारंभ पदाधिकारियों द्वारा आचार्य विरागसागर महाराज के चित्र अनावरण एवं मुनिसंघ के पाद प्रक्षालन से हुआ। इस अवसर पर मुनिश्री द्वारा रचित शास्त्रों का विमोचन भी किया गया।
आयोजकों ने कहा कि यह अवसर धर्म, ज्ञान और साहित्य की उस समृद्ध परंपरा को नमन करने का माध्यम बना, जो समाज को सत्य, अहिंसा, संयम और सदाचार की दिशा देती है।
सम्मेद शिखरजी की पवित्रता का स्मरण
राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड की पवित्र जैन धरोहरों का उल्लेख करते हुए कहा कि सम्मेद शिखरजी की पहचान देश और दुनिया में श्रद्धा के केंद्र के रूप में है। उन्होंने मुनिसंघ को प्रणाम करते हुए आगरा की धरती को संतों के मार्गदर्शन से कृतार्थ बताया।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि क्षमावाणी केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अंतर्मन की निर्मलता, अहंकार और द्वेष के त्याग तथा सभी जीवों के प्रति मैत्रीभाव स्थापित करने का संदेश है।
क्षमा से ही विश्व में शांति संभव
मुनि समत्वसागर महाराज ने कहा कि सम्मेद शिखरजी सामान्य पर्वत नहीं, बल्कि अनंतानंत सिद्ध परमेष्ठियों से पूजित पवित्र भूमि है। भगवान महावीर की देशना समस्त जीवों के कल्याण के लिए थी; उसका संदेश किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा कि विश्व में शांति स्थापित करने के लिए क्षमावाणी महापर्व की भावना को व्यापक रूप से अपनाया जाना चाहिए। दूसरों के प्रति मन की कलुषता मिटाकर अंत:करण से क्षमा भाव धारण करना ही जीवन में शांति का मार्ग है।
मुनिश्री ने कहा कि जीवन में ऊंचाइयां प्राप्त करने के लिए विनय गुण और सभी जीवों के प्रति क्षमा भाव आवश्यक है। भगवान महावीर के ‘जिओ और जीने दो’ के सिद्धांत को अपनाकर समाज और विश्व में अहिंसा व सद्भाव का वातावरण बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में सहभागिता
समारोह में मंदिर कमेटी के संदेश जैन, अध्यक्ष मनोज बल्लो, महामंत्री राजीव जैन, कोषाध्यक्ष अक्षय जैन बंटी, बबली जैन, राकेश जैन रखी, दीपक जैन बोतल वाले, संजीव जैन बोरे, प्रवीण जैन नेता, सुरेश सोनी जैन, नीरज जैन, निर्मल मोठ्या, बॉबी जैन, हेमंत जैन, अक्षय जैन, मुरारीलाल जैन, सतेंद्र जैन साहूला, आशु जैन, रोहित जैन, आयुष जैन तथा मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज उपस्थित रहा।
श्रीफल साथी : राहुल जैन, आगरा




