इंदौर। इतवारी बाजार स्थित कांच मंदिर प्रांगण में 104 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वाह करते हुए दिगंबर जैन समाज ने क्षमावाणी पर्व श्रद्धा और आत्मीयता के साथ मनाया। कार्यक्रम के आरंभ में संतों के सान्निध्य में जिनेंद्र भगवान का अभिषेक किया गया।

संतों के सान्निध्य में क्षमायाचना
रेखा संजय जैन ने बताया कि क्षमावाणी पर्व आचार्य सिद्धांतसागर महाराज, आचार्य सुनीलसागर महाराज ससंघ, मुनि साध्यसागर महाराज, मुनि आचरणसागर महाराज तथा श्वेतांबर ज्योतिष चंद्रिका डॉ. कुमुदलता म.सा. के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
धर्मसभा का प्रारंभ आर्यिका सुस्वरमति माताजी के मंगलाचरण से हुआ। सामाजिक संसद अध्यक्ष आनंद गोधा एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी ने समाजजनों से क्षमायाचना की।

क्रोध और कपट के रहते क्षमा अधूरी
आचार्य सुनीलसागर महाराज ने कहा कि क्रोध रहते सच्ची क्षमा संभव नहीं है। कपट से मित्रता कमजोर होती है और स्वार्थ से ईर्ष्या बढ़ती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ऑनलाइन दुनिया में इंसानियत ऑफलाइन होती जा रही है।
आचार्यश्री ने सभी को रात्रि भोजन त्याग का संकल्प लेने तथा संतों के प्रति भेदभाव छोड़कर जिनशासन के प्रति समभाव रखने की प्रेरणा दी।

द्वेष का अभाव ही सच्ची क्षमा
आचार्य सिद्धांतसागर महाराज ने कहा कि सच्ची क्षमा वही है, जिसमें मन में द्वेष की कोई स्थिति शेष न रहे। केवल शब्दों से क्षमा मांगना पर्याप्त नहीं है; हृदय से वैर, कटुता और प्रतिशोध की भावना समाप्त करना ही क्षमा का वास्तविक स्वरूप है।
मुनि साध्यसागर महाराज एवं मुनि आचरणसागर महाराज ने भी क्षमावाणी पर्व के महत्व पर प्रवचन दिए।

क्षमा कथनी नहीं, व्यवहार बने
श्वेतांबर ज्योतिष चंद्रिका डॉ. कुमुदलता म.सा. ने कहा कि वर्ष 2008 में सामूहिक क्षमावाणी का जो आयोजन हुआ था, उसी भाव से आज पुनः यह बीड़ा उठाया गया है। कथनी और करनी में बड़ी दूरी नहीं रहनी चाहिए; क्षमा केवल शब्दों तक सीमित न रहकर मन की गहराइयों से अनुभव और व्यवहार में उतरनी चाहिए।

अतिथियों की उपस्थिति और पुरस्कार घोषणा
कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, इंदौर के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। सुगंध दशमी पर झांकी एवं मंडलजी के पुरस्कारों की घोषणा सुशील पांड्या ने की।
विमोचन
पुष्पा कासलीवाल, अमित कासलीवाल, नवीन गोधा, आनंद गोधा, हर्ष जैन, हसमुख गांधी सहित अन्य गणमान्यजनों ने ‘मुक्तक शतक’ एवं ‘Rewire Your Mind’ पुस्तकों का विमोचन किया।

संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
आयोजन श्री मानकचंद मगनीराम गोठ, कांच मंदिर ट्रस्ट, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन इंदौर रीजन तथा दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद, कीर्ति स्तंभ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
मंचासीन अतिथियों में कांच मंदिर ट्रस्ट से कमलेश कासलीवाल व अमित कासलीवाल; सोशल ग्रुप फेडरेशन से मनोहर झांझरी, राकेश विनायका, प्रदीप चौधरी व संजय पापड़ीवाला; तथा सामाजिक संसद कीर्ति स्तंभ से आनंद गोधा, नवीन गोधा, हर्ष जैन और विजय पाटोदी शामिल रहे। कार्यक्रम का संयोजन प्रिंसिपल टोंगिया, मनीष गंगवाल, रितेश पाटनी एवं ऋषभ जैन ने किया।







