सागर। भारतीय जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक 10 के तत्वावधान में 24 तीर्थ क्षेत्रों पर 1008 वृक्षारोपण का व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। भगवान के 1008 नामों के साथ आयोजित इस अभियान में क्षेत्र क्रमांक 10 की विभिन्न शाखाओं ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा का संदेश दिया।

चार स्थानों पर विशेष आयोजन

अभियान के क्रम में श्री शांतिनगर दिगम्बर जैन मंदिर बण्डा, जैन तीर्थ क्षेत्र गिरारगिरी जी, दयोदय गौशाला शाहगढ़ एवं संत भवन दलपतपुर में विशेष रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का निर्देशन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतिवीर कमलेंद्र जैन एवं प्रभारी क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलेश जैन दमोह ने किया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनीष विद्यार्थी, प्राचार्य रविंद्र जैन, क्षेत्रीय संयोजक संतोष जैन सेंट्रल बैंक एवं क्षेत्रीय संयोजक प्रदीप जैन गन्नौर सहित पदाधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे।

बैठक और मंगलाचरण के साथ शुरुआत

कार्यक्रम से पूर्व जैन मिलन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मिलन की गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। महावीर वंदना एवं मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया। इसके बाद शाखा गठन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

चार शाखाओं के अध्यक्ष घोषित

शाखा गठन के अंतर्गत बण्डा जैन मिलन के अध्यक्ष अरविंद जैन महुना, वरायठा युवा मिलन के अध्यक्ष आशीष जैन डिग्गी, शाहगढ़ जैन मिलन के अध्यक्ष योगेश जैन शिक्षक तथा दलपतपुर युवा मिलन के अध्यक्ष सुबोध जैन को बनाया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

वृक्ष आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा हैं

क्षेत्रीय संयोजक प्राचार्य रविंद्र जैन ने कहा कि वृक्ष हमें छाया और फल के साथ जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। यदि हम आज अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षा सुनिश्चित करने में योगदान दे सकेंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लेना चाहिए।

वृक्षों की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनीष विद्यार्थी ने कहा कि साधु-संत इन्हीं वृक्षों की छाया में बैठकर तपस्या करते हैं। वृक्षों से अनेक औषधियां भी प्राप्त होती हैं और वातावरण शुद्ध एवं पवित्र रहता है।उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाने के साथ उनकी सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

महिला एवं पुरुष सदस्यों की सहभागिता

विभिन्न स्थानों पर महिला जैन मिलन एवं जैन मिलन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में वीर कडोरी लाल जैन बण्डा, वीरांगना श्रीमती अर्चना जैन वरायठा, देवेंद्र जैन नायक, श्रीमती नेहा, श्रीमती सुरक्षा जैन शाहगढ़, श्रीमती सुधा सांधेलिया, उपेंद्र जैन एवं नितिन जैन दलपतपुर सहित अनेक समाजजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पर्यावरण संरक्षण के साथ संगठन विस्तार

भारतीय जैन मिलन क्षेत्र क्रमांक 10 के इस आयोजन में वृक्षारोपण के साथ संगठन विस्तार और समाजसेवा का संदेश भी दिया गया। 24 तीर्थ क्षेत्रों पर 1008 वृक्षारोपण का संकल्प पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को रेखांकित करता है।