मुरैना। भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक एवं निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में आचार्य श्री 108 उदारसागरजी महाराज एवं मुनि श्री उपशांतसागरजी महाराज ससंघ के सान्निध्य में धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव से हुए। इस अवसर पर भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किया गया तथा श्री महावीर महामंडल विधान का आयोजन हुआ। संपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम विद्वत् श्री नवनीत जैन शास्त्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुए।
’संघर्ष, साधना और संयम से प्राप्त होता है मोक्षपद: आचार्यश्री उदारसागर जी
आचार्य श्री 108 उदारसागरजी महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए संसार जीवन की असारता का वर्णन किया तथा भगवान महावीर स्वामी की पूर्व पर्यायों एवं उनके जीवन में आए विभिन्न उपसर्गों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर ने अपने जीवन में अनेक संघर्षों और कठिन परीक्षाओं का सामना किया, लेकिन कभी भी अपने संयम, धैर्य और साधना के मार्ग से विचलित नहीं हुए। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी समता का भाव बनाए रखा और अपना संपूर्ण जीवन मोक्षमार्ग के प्रति समर्पित कर दिया। कठोर तप, त्याग और साधना के माध्यम से उन्होंने निर्वाण पद प्राप्त किया। आचार्य श्री ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी जन-जन के भगवान हैं। उनका जीवन प्रत्येक व्यक्ति को यह प्रेरणा देता है कि जीवन में कितनी भी कठिन परिस्थितियां क्यों न आएं, हमें अपने धर्म, संयम और सदाचार का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। केवल भगवान की पूजा-अर्चना और निर्वाण लाडू चढ़ाने से ही जीवन का कल्याण नहीं होगा, बल्कि उनके बताए सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारना भी आवश्यक है। संयम, त्याग, तपस्या और आत्मशुद्धि के माध्यम से ही आत्मा का कल्याण संभव है। भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। आचार्य श्री ने इस अवसर पर चातुर्मास समिति, मंदिर कमेटी एवं सकल दिगम्बर जैन समाज की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और धर्मनिष्ठा से चार माह की साधना सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में धर्म प्रभावना एवं आध्यात्मिक जागृति का वातावरण निर्मित हुआ है।
संयम अपनाना ही सच्ची मानवता: मुनिश्री उपशांतसागरजी
मुनि श्री 108 उपशांतसागरजी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि मानव जीवन में संयम को अपनाना ही सच्ची मानवता है। भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक दिवस पर निर्वाण लाडू अर्पित करना तभी सार्थक है, जब हम उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करें। केवल धार्मिक क्रियाएं करने से जीवन का कल्याण नहीं होता, बल्कि उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने आचरण को निर्मल बनाना आवश्यक है। महाराज श्री ने दीपावली पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, प्रेम और सद्भाव का त्योहार है। इस अवसर पर हमें अपने मन से द्वेष, ईर्ष्या और वैमनस्य के भावों को दूर कर परस्पर प्रेम एवं भाईचारे के साथ रहने का संकल्प लेना चाहिए। दूसरों के प्रति सद्भाव रखना और अपने व्यवहार में विनम्रता एवं संयम बनाए रखना ही भगवान महावीर की सच्ची आराधना है।
’
निर्वाण लाडू अर्पित कर मनाया मोक्ष कल्याणक महोत्सव
भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के अंतर्गत मोक्ष लक्ष्मी की कामना के साथ भगवान के चरणों में निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। प्रथम निर्वाण लाडू अर्पित करने का सौभाग्य अभिषेक जैन टीटू एवं अनिकेत जैन, आलोक प्रेस परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान महावीर की आराधना कर उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। धार्मिक क्रियाओं से पूर्व आचार्य श्री अभिनंदनसागर जी महाराज के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन राजेंद्र भंडारी, बाबूलाल जैन, अभिषेक जैन टीटू एवं दिनेश जैन द्वारा किया गया। वहीं आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन प्राचार्य अनिल जैन, विनोद जैन, राजेंद्र जैन, नीलेश जैन एवं मनोज जैन नायक द्वारा किया गया। श्रावक श्रेष्ठियों द्वारा आचार्य संघ को शास्त्र भेंट किए गए।
श्री महावीर महामंडल विधान में श्रद्धालुओं ने की धर्माराधना
निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में श्री महावीर महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया गया। विधान में सकल दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्तिभाव के साथ धर्माराधना की। संपूर्ण विधान के दौरान मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। आयोजन ने समाज में एकता, धर्मनिष्ठा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
’
कल्पद्रुम महामंडल विधान की घोषणा
इसी पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार जैन (प्राचार्य) एवं श्री विनोद कुमार जैन (तार वाले) के माध्यम से आगामी कल्पद्रुम महामंडल विधान की घोषणा की गई। इस घोषणा पर आचार्य श्री उदारसागर महाराज ने मंदिर कमेटी, वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए धार्मिक आयोजनों के प्रति समाज की एकजुटता, समर्पण एवं धर्मनिष्ठा की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव संयम, त्याग, भक्ति, धर्माराधना एवं सामाजिक एकता का संदेश देते हुए भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।




