जयपुर। जनकपुरी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में सोमवार को आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थंकर महावीर भगवान का निर्वाण दिवस श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रात: भगवान महावीर की शांतिधारा का सौभाग्य नीरज जैन, जेके जैन एवं प्रकाश गंगवाल के परिवारों को प्राप्त हुआ। इधर, निर्वाण लाडू चढ़ाने का सुअवसर जेके जैन, लाड देवी तथा केसर देवी परिवार को मिला तथा पाद प्रक्षालन का सौभाग्य भी केसर देवी परिवार मित्रपुरा वालो को मिला। इसके अलावा चौबीस परिवारों को विशेष निर्वाण लाडू समर्पित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
आत्मज्योति का वास्तविक स्वरूप आत्मा की शुद्धता
निर्वाण लड्डू अर्पित करने की धार्मिक परंपरा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए आचार्य आदित्य सागर जी ने बताया गया कि निर्वाण लड्डू केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि राग-द्वेष, मोह और कर्म बंधनों से मुक्ति की प्रेरणा है। प्रवचन में ज्योति और प्रकाश के महत्व को समझाते हुए कहा गया कि दीपक बाहरी अंधकार दूर करता है, जबकि सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान और सम्यक चरित्र जीवन के अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाते हैं। आत्मज्योति का वास्तविक स्वरूप आत्मा की शुद्धता और कर्मों से पूर्ण मुक्ति अर्थात मोक्ष है।
आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ें
चातुर्मास के दौरान मंत्र जाप एवं वर्गणाएँ करने वाले 60 से अधिक श्रद्धालुओं को सम्मानित किया गया। इन सभी साधकों ने सामूहिक रूप से 80 लाख से अधिक मंत्र जाप कर धर्माराधना के माध्यम से अपार पुण्यार्जन किया। आचार्य श्री ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया गया कि वे केवल निर्वाण दिवस का उत्सव न मनाएं, बल्कि संयम, त्याग, तप और आत्मचिंतन को अपने जीवन में अपनाकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में धर्मावलंबी उपस्थित रहे।जनकपुरी में आगामी 12 नवम्बर गुरुवार को पिच्छिका परिवर्तन एवं चातुर्मास कलश वितरण समारोह आयोजित होगा।




