थूवोनजी (अशोकनगर)। दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी में खड़े बाबा भगवान आदिनाथ स्वामी की विशाल प्रतिमा का महाभिषेक किया गया। इस अवसर पर जिलेभर से आए श्रद्धालुओं ने जगत कल्याण की भावना के साथ महाशांतिधारा की। सांगानेर के विद्वान शास्त्री के मंत्रोच्चार के बीच भगवान का महामस्तकाभिषेक तथा 108 रिद्धि मंत्रों से महाभिषेक संपन्न हुआ।
श्रद्धालुओं को मिला महाशांतिधारा का सौभाग्य
महाशांतिधारा करने का सौभाग्य राजस्थान के सिंगोली निवासी अशोक कुमार, शुभम्-अर्चित जैन परिवार मेरठ के नवीन कुमार-आर्जव जैन, क्षेत्र कमेटी के मंत्री सार्थक-शैलेन्द्र दद्दा परिवार तथा मध्यप्रदेश महासभा संयोजक पीयूष-विजय धुर्रा को प्राप्त हुआ। विशेष अवसर पर कमेटी के मंत्री प्रदीप जैन रानी एवं पूर्व महामंत्री विपिन सिंघई को भी महाशांतिधारा का सौभाग्य मिला।
जिलेभर में चातुर्मास से बढ़ेगी धर्म प्रभावना
मध्यप्रदेश महासभा संयोजक विजय धुर्रा ने बताया कि इस वर्ष जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संतों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है। जिला मुख्यालय पर आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य मुनि श्री निरंजन सागर जी महाराज, शाढ़ौरा में मुनि श्री निरापद सागर जी महाराज, प्राणपुर में मुनि श्री विशोध सागर जी महाराज, पिपरई में मुनि श्री दुर्लभ सागर जी महाराज ससंघ तथा चंदेरी में आर्यिका श्री अपूर्वमति माताजी ससंघ के सान्निध्य का लाभ समाज को प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि इन चातुर्मासों से जिलेभर में धर्म, ध्यान और साधना का वातावरण बनेगा। इसका प्रभाव दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी पर भी दिखाई देगा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के तीर्थदर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।
विशेष अतिथियों का होगा आगमन
विजय धुर्रा ने बताया कि शनिवार को इंदौर से सर सेठ हुकुमचंद जी की तीसरी पीढ़ी के प्रतिनिधि श्री अमित कासलीवाल तथा श्री दिगंबर जैन मक्सी तीर्थ कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा कासलीवाल विशेष रूप से थूवोनजी पधारेंगी।
भक्ताम्बर विधान से जुड़ने का आह्वान
पूर्व महामंत्री विपिन सिंघई ने कहा कि अतिशय क्षेत्र दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी पर परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज की विशेष कृपा रही है। उनके आशीर्वाद से तीर्थ क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से असीम कालीन भक्ताम्बर विधान एवं तीर्थ रक्षक योजना से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निश्चित राशि भेंट कर श्रद्धालु परिवार पीढ़ी-दर-पीढ़ी तीर्थ क्षेत्र से जुड़कर प्रतिवर्ष भक्ताम्बर महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ में परिवार सहित शामिल हो सकते हैं।
तीर्थ पर आवास एवं भोजन की व्यवस्था
तीर्थ कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। कमेटी का उद्देश्य है कि परिवार सहित तीर्थ पर आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण में भगवान की भक्ति और विधान का लाभ प्राप्त हो।
महाशांतिधारा करने वाले परिवारों का सम्मान
महाशांतिधारा करने वाले परिवारों को तीर्थ कमेटी के सदस्यों द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं का पीत वस्त्र, तिलक एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
धर्म प्रभावना का बनेगा केंद्र
जिलेभर में संतों के चातुर्मास के साथ दर्शनोदय तीर्थ थूवोनजी में भी धार्मिक गतिविधियों के विस्तार की संभावना है। तीर्थ कमेटी ने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से तीर्थदर्शन, विधान एवं धार्मिक आयोजनों से जुड़कर धर्म प्रभावना में सहभागी बनने की अपील की है।




