कुण्डलपुर। आचार्य भगवन श्री विद्यासागर जी महाराज की पावन परंपरा के संस्कारित साधक मुनि श्री अक्षय सागर महाराज के आकस्मिक समाधिमरण का समाचार जैन समाज के लिए अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। उनके जीवन की साधना, धर्म के प्रति समर्पण,समाज को जोड़ने की क्षमता और जिनशासन की प्रभावना के लिए किए गए अथक प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे। मुनि श्री के समाधिमरण पर श्रद्धाभाव व्यक्त करते हुए मुनिश्री समतासागर महाराज ने कहा कि साधक हमेशा जागरूक रहता है। उसकी चेतना चौबीसों घंटे जागृत रहती है। मुनि श्री अक्षयसागर महाराज ने अंतिम समय में भी णमोकार महामंत्र का जाप किया और अपनी चेतना की जागृति से परमार्थ को साधा। उनके साथ मुनि श्री उपशम सागर महाराज भी थे, जिन्होंने उन्हें संबोधित किया। विहार के दौरान अचानक परिस्थितियां प्रतिकूल हुईं और किसी को कुछ करने का अवसर तक नहीं मिला। आयु कर्म ने कैसी परिस्थिति निर्मित की, यह किसी की समझ में नहीं आया। शरीर ने अपनी नश्वरता का परिचय दिया, लेकिन आत्मा का अंत नहीं हुआ। आत्मा अक्षय स्वरूप है और शरीर एवं पर्याय का अंत आत्मा का अंत नहीं माना जाता।

मुनि श्री ने दिवंगत साधक के प्रति विनयांजलि अर्पित की

मुनि श्री ने कहा कि मुनि श्री अक्षय सागर महाराज से सभी के आत्मीय संबंध रहे हैं। महाराष्ट्र के कुंभोज बाहुबली में आयोजित शिविरों में उनके साथ अनेक बार धर्मप्रभावना के कार्य करने का अवसर मिला। वे बड़े स्नेही, अच्छे संघटक, कुशल कार्यकर्ता और समाज को मार्गदर्शन देने वाले व्यक्तित्व थे। महाराष्ट्र के साथ मध्यप्रदेश में भी उन्होंने लंबे समय तक धर्म और समाज के लिए परिश्रम किया। उनके प्रति सभी की सद्भावनाएं हैं। ऐसी घटना किसी के साथ भी घट सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सदैव सावधान रहना चाहिए और अपने परिणामों को निर्मल एवं शांत बनाए रखना चाहिए। त्यागी वृत्तियों की सेवा में सभी को धैर्य और शांति के साथ लगे रहने की आवश्यकता है। मुनि श्री ने दिवंगत साधक के प्रति विनयांजलि अर्पित करते हुए उनके मुक्ति मार्ग की निरंतर प्रगति की भावना व्यक्त की।

गृहस्थ के छह आवश्यक कर्तव्य हैं देवपूजा, गुरुपासना, स्वाध्याय, संयम, तप और दान

राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन विद्या वाणी एवं क्षेत्र मंत्री जयकुमार जैन जलज ने बताया मुनि श्री समतासागर महाराज ने प्रातः धर्म सभा में धर्म, पुण्य और कर्म सिद्धांत की व्याख्या करते हुए कहा कि मनुष्य शुभ कार्य करने के लिए निकलता है, लेकिन कई बार परिस्थितियां ऐसी बन जाती हैं कि वह मंदिर पहुंचकर भी पूजा नहीं कर पाता, अभिषेक नहीं कर पाता अथवा आहारदान में सम्मिलित नहीं हो पाता। इसका कारण हमारे अपने पूर्वकृत कर्म हैं। कभी हमने किसी के शुभ कार्य में बाधा डाली होगी, उसी कर्म के उदय से आज हमारे शुभ कार्यों में अंतराय उत्पन्न हो सकता है। संसार में किसी को अनुकूलता और किसी को प्रतिकूलता मिलने के पीछे कर्म सिद्धांत ही प्रमुख कारण है। अशुभ कर्मों की बाधाओं से बचने का श्रेष्ठ उपाय देव, शास्त्र और गुरु की निरंतर भक्ति है। गृहस्थ के छह आवश्यक कर्तव्य देवपूजा, गुरुपासना, स्वाध्याय, संयम, तप और दान बताए गए हैं। इनमें देवपूजा और दान ऐसे धर्म हैं, जिनमें गृहस्थ जीवन के अनेक कर्तव्य समाहित हो जाते हैं।

परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाना प्रत्येक श्रावक का दायित्व

पूजन में बैठने से संयम और तप का अभ्यास होता है, सामग्री अर्पित करने से त्याग और दान की भावना पुष्ट होती है तथा स्तवन और शास्त्र पाठ से स्वाध्याय होता है। इसी प्रकार साधु संघ के विहार में सहयोग करना, चौका लगाना और आहारदान में सम्मिलित होना भी बड़े पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में परिवार मंदिर निर्माण, जिनबिंब विराजमान कराने, पंचकल्याणक और गजरथ जैसे आयोजनों के माध्यम से जिनशासन की प्रभावना करते थे। समाज ऐसे धर्मप्रभावना के कार्य करने वाले परिवारों का सम्मान करती थी। आज भी ग्राम और नगरों की समाजें मंदिर निर्माण, जिनबिंब प्रतिष्ठा, पंचकल्याणक और रथोत्सव के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। इन परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाना प्रत्येक श्रावक का दायित्व है। तीर्थों की वंदना, स्वाध्याय और साधना से जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। वृद्धावस्था में भी व्यक्ति को मोह-ममता से ऊपर उठकर आत्मकल्याण और शांत परिणामों की दिशा में प्रयास करना चाहिए।