आगरा। कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में पीएनसी परिवार के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से समापन हुआ। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व एवं पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीपकुमार जैन के संयोजन में आयोजित इस महाअनुष्ठान में देश की शांति, विश्व कल्याण, मानवता के उत्थान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें असीम ईश्वरीय शक्ति प्राप्त होने की मंगलकामना की गई। नौ दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया। मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज, मुनिश्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनिश्री सुप्रभात सागर जी महाराज के सान्निध्य में विधान का शुभारंभ 17 नवंबर को अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर हुआ था। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, विधान और धार्मिक अनुष्ठान हुए। आयोजकों के अनुसार, देश में किसी प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना के लिए इस प्रकार का विशेष धार्मिक अनुष्ठान पहली बार किया गया। इसके साथ ही देश-दुनिया से हिंसा, वैमनस्य और वैचारिक कटुता समाप्त होने तथा सभी के जीवन में शांति, प्रेम, अहिंसा और सद्भाव स्थापित होने की कामना भी की गई।
भौतिक सुख-सुविधाओं के साथ धर्म के लिए भी पुरुषार्थ करें
बुधवार को समापन दिवस पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मुनिश्री के सान्निध्य में भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन किया गया। इसके बाद मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में धर्म, संयम, आत्मकल्याण और आध्यात्मिक शुद्धि का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में धन और भौतिक सुख-सुविधाओं के साथ धर्म के लिए भी पुरुषार्थ करना चाहिए। धर्म ही परिवार और समाज के संबंधों को मजबूती प्रदान करता है। परिवार की एकता, आपसी प्रेम और संस्कारों को बनाए रखना बड़ी साधना है। उन्होंने कहा कि जैन कुल में जन्म लेना भी बड़े पुण्य का परिणाम है, इसलिए इस जीवन को भोग-विलास में नहीं, बल्कि धर्म, सेवा और आत्मकल्याण में लगाना चाहिए।
धार्मिक धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हुआ
इसके बाद विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आहुतियां समर्पित कर देश-विदेश में सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की। यज्ञ के पश्चात भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा एवं पात्रों की शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, भक्ति संगीत, जयकारों और धार्मिक धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा मुख्य पंडाल से प्रारंभ होकर महावीर पार्क, श्री चक्रेश जी की कोठी के पास से होते हुए डी-ब्लॉक, श्रीराम चौक, टंकी चौराहा व कमला नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर भगवान का वंदन किया और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
कई छाताधारी भी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे
नौ दिवसीय महाअनुष्ठान के समापन पर निकली भव्य रथयात्रा में श्रद्धा, भक्ति और आकर्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा में सबसे आगे विधान महोत्सव का बैनर लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। इसके पीछे ऊंटों पर सजे नगाड़े, सुंदर-सुंदर घोड़ियां, डीजे गाड़ियां और ढोल बजाने वाली कई टोलियां चल रही थीं। यात्रा में 12, 20 और 40 सदस्यीय बैंड सहित अनेक बैंडों ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रजत रथ, घोड़ों से सुसज्जित रथ और कई छाताधारी भी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं।
जयकारों से शोभायात्रा का स्वागत किया
पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीपकुमार जैन अपने परिवार सहित प्रथम बग्गी पर तथा राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपने परिवार सहित दूसरी बग्गी पर सवार रहे। चक्रेश जैन और योगेशकुमार जैन के परिवार भी अलग-अलग बग्गियों में शामिल हुए। परिवार की बुआ एवं अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग से बग्गियों की व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा में परिवार की महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीजी को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा में लेकर चलने का सौभाग्य महेंद्र इंद्र वैभव जैन को प्राप्त हुआ। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और जयकारों से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री वीना लवानियां एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही। राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीपकुमार जैन एवं चक्रेश जैन ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि नौ दिवसीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण की मंगल भावना के साथ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तीकरण, महिलाओं के सम्मान, देश की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
देश की जनता सब देख रही है
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र प्रथम की भावना से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। ऐसे समय में जब देश को एकजुट होकर विकास की यात्रा को आगे बढ़ाना चाहिए, तब विपक्ष के कुछ दल जनहित के मुद्दों पर सहयोग करने के बजाय केवल विरोध और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। देश की जनता सब देख रही है और वह विकास तथा राष्ट्रहित के कार्यों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए इसी भावना से नौ दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए हैं। ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ प्रेम, एकता, अहिंसा और भाईचारे का संदेश देते हैं।
यह समाजजन मौजूद रहे
नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, प्रवीण जैन नेताजी, विमल चौधरी, सुबोध जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हीना जैन, अंकिता जैन एवं आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन मौजूद रहे। नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का समापन भगवान जिनेंद्र देव की आराधना, विश्व शांति की मंगलभावना और धर्ममय वातावरण के बीच हुआ।




