जीवन कितना क्षणभंगुर है, इसका बोध तब और गहरा हो जाता है, जब कोई ऐसा व्यक्तित्व अचानक हमारे बीच से विदा हो जाता है, जिसके सान्निध्य को हमने अभी कुछ समय पहले ही अनुभव किया हो। जिसकी वाणी में जीवन का संदेश हो, जिसकी दृष्टि में समाज के उत्थान का स्वप्न हो और जिसके प्रत्येक संकल्प में धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव समाहित हो। आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री अक्षयसागर जी महाराज का 24 नवम्बर को विहार के दौरान हुआ अकस्मात समाधिमरण ऐसी ही एक हृदयविदारक घटना है। यह केवल एक संत का विछोह नहीं, बल्कि जिनशासन, समाज और राष्ट्र की चेतना के लिए अपूरणीय क्षति है। सोशल मीडिया पर जब मुनिश्री के अकस्मात समाधिमरण का समाचार देखा तो कुछ क्षणों के लिए मन स्तब्ध रह गया। विश्वास ही नहीं हुआ कि जिस संत से पिछले महीने ही आत्मीय संवाद हुआ था, जिनके सान्निध्य में बैठकर धर्म, दर्शन, साहित्य और समाज के अनेक विषयों पर चर्चा की थी। वे अब हमारे बीच नहीं हैं। समाचार की सत्यता जानने के लिए शिरड शाहापुर संपर्क किया। वहां से प्राप्त जानकारी ने मन को भीतर तक व्यथित कर दिया। जानकारी के अनुसार सफल चातुर्मास के उपरांत 24 नवम्बर मुनिश्री का विहार हुआ था। संघस्थ मुनि श्री उपशम सागर जी महाराज भी साथ थे। शिरड शाहापुर से लगभग तीन किमी की पदयात्रा के दौरान अचानक स्वास्थ्य प्रभावित हुआ और माला फेरते हुए उन्होंने समाधि धारण कर ली। संसार की नश्वरता का इससे अधिक मार्मिक स्मरण और क्या हो सकता है कि जीवनभर देह से ममत्व छोड़ने का संदेश देने वाला एक तपस्वी, विहार की पवित्र यात्रा में, प्रभु स्मरण करते हुए अनंत यात्रा पर प्रस्थान कर गया।
एक माह पूर्व का वह आत्मीय सान्निध्य
अभी पिछले महीने 20 एवं 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र के श्री मल्लिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र शिरड शाहापुर में मुनि श्री अक्षयसागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उस समय पूज्यश्री पूर्णतः स्वस्थ, प्रसन्न और उत्साह से परिपूर्ण दिखाई दे रहे थे। उनसे अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। विशेष रूप से दिगम्बर जैन मुनियों की कठोर चर्या, उनकी तपश्चर्या, आहार-विहार की मर्यादाओं तथा साधना के विभिन्न पक्षों को प्रमाणिक साहित्य के माध्यम से जनसामान्य तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को देखकर मन अभिभूत हो उठा था। उनकी दृष्टि केवल धार्मिक आयोजन करने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे चाहते थे कि दिगम्बर मुनिराजों के त्याग, संयम और साधना का वास्तविक स्वरूप समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक सहज, सरल और प्रमाणिक भाषा में पहुंचे। आज जबकि धार्मिक परंपराओं को लेकर अनेक प्रकार की भ्रांतियां दिखाई देती हैं, ऐसे साहित्यिक एवं शोधपरक प्रयासों की विशेष आवश्यकता है।
साहित्य साधना : छोटी कृतियों में बड़े जीवन-मूल्य
पूज्य मुनिश्री का साहित्यिक अवदान भी अत्यंत महत्वपूर्ण था। उनकी अनेक छोटी-छोटी किंतु विचारोत्तेजक एवं उपयोगी कृतियां आशीर्वाद स्वरूप प्राप्त हुई थीं। ‘गोधनम् राष्ट्रवर्धनम, पूर्णायु आयुर्वेद गाथा, पहला सुख निरोगी काया, भारतीय संस्कृति, अहिंसा, स्वाधीनता और जिनसंस्कार’ जैसी कृतियां उनके व्यापक चिंतन और सामाजिक सरोकारों की परिचायक हैं। इन कृतियों में केवल धार्मिक उपदेश नहीं, बल्कि भारतीय जीवनदर्शन, स्वास्थ्य चेतना, अहिंसा, सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रबोध की प्रेरणा समाहित थी। उनकी एक महत्वपूर्ण कृति स्वाधीनता के संपादन का सौभाग्य मुझे भी प्राप्त हुआ। यह कृति स्वतंत्रता संग्राम, हिंदी भाषा और अहिंसा के आदर्शों के प्रति उनके गहरे अनुराग को अभिव्यक्त करती है। उनका मानना था कि धर्म केवल पूजा-पद्धति या अनुष्ठान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वह व्यक्ति के चरित्र, समाज की दिशा और राष्ट्र की चेतना में भी प्रतिबिंबित होना चाहिए। उनके साहित्य में इसी व्यापक दृष्टिकोण के दर्शन होते हैं।
दीक्षा से समाधि तक: संयम की अविराम यात्रा
मुनि श्री अक्षयसागर जी महाराज का पूर्व नाम बाकुलजी कांते जैन था। आपका जन्म 1 जून 1962 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के शिरोले ग्राम में हुआ था। माता श्रीमती सुवर्णादेवी कांते जैन और पिता श्री तात्यासाहेब कांते जैन के संस्कारों में पले-बढ़े मुनिश्री ने कला संकाय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की थी। सांसारिक जीवन की उपलब्धियों के स्थान पर उन्होंने आत्मकल्याण और संयम का मार्ग चुना। वर्ष 1987 में आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर जी महाराज के सान्निध्य में उत्तम ब्रह्मचर्य के पावन अवसर पर ब्रह्मचर्य व्रत धारण किया। 24 नवम्बर 1989 को कुंडलपुर में सप्तम प्रतिमा तथा 3 जनवरी 1990 को टड़ा (केसली) में दशम प्रतिमा धारण की। 16 मई 1991 को सिद्धक्षेत्र मुक्तागिरि में क्षुल्लक दीक्षा और 25 जुलाई 1991 को ऐलक दीक्षा प्राप्त की। अंततः 11 फरवरी 1998 को सिद्धक्षेत्र मुक्तागिरि में ही आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज से मुनि दीक्षा प्राप्त कर उन्होंने पूर्ण मुनि जीवन अंगीकार किया। उनकी यह दीर्घ साधना यात्रा त्याग, तप, वैराग्य और गुरु के प्रति अनन्य समर्पण की प्रेरक गाथा है।
संतत्व का व्यापक स्वरूप: धर्म से समाज और समाज से राष्ट्र तक
मुनि श्री अक्षय सागर जी महाराज का व्यक्तित्व केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं था। वे धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्व को भलीभांति समझते थे। कासार जाति एवं सराक समाज के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास उनके सामाजिक सरोकारों और दूरदृष्टि के प्रमाण हैं। जहां समाज की पहुंच नहीं थी, वहां वे पहुंचे। जहां धार्मिक चेतना सुप्त थी, वहां उन्होंने जागरण का प्रयास किया। जहां सामाजिक बिखराव था, वहां एकता और संगठन का संदेश दिया। उन्होंने केवल प्रवचन नहीं दिए, बल्कि समाज को उसकी जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया। केवल धर्म का उपदेश नहीं दिया, बल्कि धर्म को जीवन और व्यवहार में उतारने की प्रेरणा दी। उनकी विशेषता थी कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक धर्म की पहुंच बनाने की चिंता करते थे। उनके लिए साधना का अर्थ केवल स्वयं का आध्यात्मिक उत्थान नहीं, बल्कि अपने आचरण, विचार और प्रेरणा से दूसरों के जीवन में भी सद्भाव, संस्कार और जागृति का संचार करना था।
मड़ावरा से शिरड शाहापुर तक: ’आत्मीय स्मृतियों का संसार’
वर्ष 2024 के मड़ावरा चातुर्मास से मुझे पूज्य मुनिश्री के निकट संपर्क और सान्निध्य का अवसर प्राप्त हुआ। उनकी सरलता, सहजता, वात्सल्य और आत्मीय व्यवहार मन को सहज ही प्रभावित कर लेते थे। उनकी वाणी में गंभीरता थी, किंतु व्यवहार में अद्भुत सरलता। साधना में कठोरता थी, किंतु दूसरों के प्रति दृष्टि में करुणा और वात्सल्य। उनका व्यक्तित्व इस बात का प्रमाण था कि सच्चा संत समाज से विमुख नहीं होता, बल्कि अपने त्याग और तप के माध्यम से समाज को नई दिशा देता है। वे केवल जैन समाज के संत नहीं, बल्कि अपने व्यापक सामाजिक सरोकारों के कारण जन-जन के संत थे। आज उनके विछोह से मन बार-बार उसी आत्मीय संवाद, उसी स्नेहिल दृष्टि और उन्हीं प्रेरक विचारों की ओर लौट रहा है। अभी तो उनके साहित्य और कार्यों को और निकट से समझने की अभिलाषा थी। अभी तो उनसे अनेक विषयों पर चर्चा करनी थी। किंतु नियति के विधान के सम्मुख मनुष्य की समस्त योजनाएं कितनी छोटी पड़ जाती हैं!
अक्षय नाम, अक्षय कृतित्व
डॉ. सुनील जैन ‘संचय’, ललितपुर ने कहा कि मुनि श्री अक्षयसागर जी महाराज का नाम ही उनके जीवन के संदेश को अभिव्यक्त करता है। शरीर नश्वर है, पद और प्रतिष्ठा क्षणिक हैं, किंतु त्याग, तप, ज्ञान, साधना और लोकमंगल के लिए किए गए कार्य कभी समाप्त नहीं होते। वे अपने पीछे केवल स्मृतियां नहीं, बल्कि विचारों, साहित्य, सामाजिक चेतना और आध्यात्मिक प्रेरणा की अमूल्य विरासत छोड़ गए हैं। संत का वास्तविक अवदान उसके भौतिक अस्तित्व से कहीं आगे होता है। उसका जीवन समाज को दिशा देता है और उसके विचार आने वाली पीढ़ियों का मार्ग आलोकित करते हैं। इस दृष्टि से पूज्य मुनिश्री का कृतित्व अक्षय है, उनकी प्रेरणा अक्षय है और उनकी स्मृतियां भी अक्षय रहेंगी।
एक शायर की ये पंक्तियां आज मन की पीड़ा को स्वर देती हैं-
’एक सूरज था कि तारों के घराने से उठा’,
’आंख हैरान है क्या शख्स जमाने से उठा’।
और अंतर्मन से अनायास ही ये शब्द निकल पड़ते हैं-
’साधना की जगमगाती देहरी से’,
’एक दीपक फिर किनारा कर गया’।
’मंजिलों की दूरियां पूछें कहां से’,
’मील का पत्थर किनारा कर गया’।
’विनम्र विनयांजलि’
मुनि श्री अक्षयसागर जी महाराज का अकस्मात समाधिमरण हमें जीवन की क्षणभंगुरता और आत्मकल्याण की अनिवार्यता का गहन संदेश दे गया। उनका संयममय जीवन, गुरु के प्रति समर्पण, त्याग, तपश्चर्या, साहित्य साधना और जिनशासन की प्रभावना के लिए किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। वात्सल्यमयी गुरुदेव के पावन श्रीचरणों में विनम्र विनयांजलि एवं शत-शत नमन। उनके द्वारा प्रज्ज्वलित धर्म, संस्कृति, अहिंसा और राष्ट्रचेतना की ज्योति निरंतर प्रकाशित होती रहे, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अक्षयसागर जी महाराज शरीर से भले ही हमारे बीच न हों, किंतु उनका अक्षय कृतित्व और साधनामय जीवन सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगा।
विनयांजलि एवं शत-शत नमन।




