अंबाह। जैन साध्वी विजिज्ञासा श्री माताजी का विहार करते हुए जैन अतिशय तीर्थ क्षेत्र सिहोनिया जी में मंगल आगमन हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से माताजी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान माताजी ने प्राचीन जिनालय में विराजमान भगवान शांतिनाथ, भगवान अरनाथ एवं भगवान कुंथुनाथ की प्राचीन प्रतिमाओं के दर्शन-वंदन किए। माताजी ने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मकल्याण और आत्मशुद्धि है। केवल मंदिर जाकर दर्शन करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि भगवान के बताए अहिंसा, संयम, त्याग और वीतरागता के मार्ग को अपने आचरण में उतारना जरूरी है। राग-द्वेष, मोह और अहंकार का त्याग कर ही आत्मिक शांति प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि तीर्थ दर्शन हमें आत्मचिंतन और धर्म आराधना की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रवचन श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। तीर्थ क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।