सोनकच्छ। जैन तीर्थ पुष्पगिरि में तपाचार्य, साधना के गोमटेस आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज के पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव का ऐतिहासिक एवं भव्य आयोजन 15 एवं 16 अगस्त 2026 को किया जाएगा। तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह है।

अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास के तत्वावधान में आयोजन

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह का आयोजन अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ के तत्वावधान में किया जा रहा है। महोत्सव में देशभर से साधु-संत, विद्वान, श्रद्धालु एवं गणमान्य समाजजन शामिल होंगे।

15 अगस्त को पट्टविभूषण संस्कार विधि

महोत्सव के प्रथम दिवस शनिवार, 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे से पट्टविभूषण संस्कार विधि का आयोजन होगा। शाम 6 बजे से राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर राष्ट्रवाणी के वरदपुत्र, युवा कवि कुल कंठभरण, ओज मार्तण्ड एवं छंद महोदधि डॉ. कुमार विश्वास का विशेष कवि सम्मेलन होगा। कवि दीपक दनादन, कवि महेंद्र मधुर एवं कवियित्री सुश्री साक्षी भी अपनी रचनाओं के माध्यम से देशभक्ति का संदेश देंगे।

16 अगस्त को पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्स

द्वितीय दिवस रविवार, 16 अगस्त को दोपहर 12 बजे से पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रतिष्ठाचार्य पं. श्री प्रदीप जी मधुर, मुंबई एवं पं. चन्द्रप्रकाश जी विधान एवं मांगलिक क्रियाएं संपन्न कराएंगे।

महोत्सव का मंच संचालन बा. ब्र. श्री तरुण भैया जी, इंदौर करेंगे। आमंत्रित विद्वान के रूप में प्रो. नलिन शास्त्री, दिल्ली भी उपस्थित रहेंगे। राजनीतिक एवं समाज के श्रेष्ठीजन भी समारोह में सहभागिता करेंगे।

संतों एवं विद्वानों का मिलेगा सान्निध्य

महोत्सव में परम पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज, आचार्य बालकृष्ण जी महाराज, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार, पं. प्रदीप मिश्रा जी, अंतरराष्ट्रीय शिवकथा वाचक, सीहोर, पूज्य श्री महेश गुरु जी एवं महामंडलेश्वर श्री प्रेमानंद पुरी जी सहित अनेक संतों एवं विद्वानों का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी महाराज इस पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव के अभिरक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।

देशभर से पहुंचेंगे गुरुभक्त

आयोजन को लेकर श्री पुष्पदंतसागर दिगम्बर जैन श्रमण संस्कृति न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ एवं सकल दिगम्बर जैन समाज सोनकच्छ ने धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार समारोह में शामिल होने का आह्वान किया है।

महोत्सव में इंदौर, उज्जैन, भोपाल, औरंगाबाद, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, जयपुर, कोटा सहित अनेक शहरों से गुरुभक्तों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु संतों के दर्शन, प्रवचन एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों का लाभ प्राप्त करेंगे।

ऐतिहासिक महोत्सव को लेकर उत्साह

पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव को आचार्य प्रसन्नसागर जी महाराज के आध्यात्मिक जीवन की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुष्पगिरि तीर्थ में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां जारी हैं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण है।