इंदौर। विद्यार्थियों को सही करियर का चुनाव करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा निर्धारित करने के उद्देश्य से लिखी गई डॉ. प्रतीक जैन की पुस्तक ‘THE CAREER NAVIGATOR – Your Roadmap from 10th & 12th to the Right Career Path का भव्य विमोचन SAGE यूनिवर्सिटी में किया गया। पुस्तक का विमोचन SAGE ग्रुप के चेयरमैन एवं कुलाधिपति संजीव अग्रवाल के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर डॉ. प्रतीक जैन को डॉ. प्रशांत जैन का मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी सहयोग प्राप्त हुआ। पुस्तक का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सही करियर चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करना है। इसमें विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों को समझने, स्वयं की क्षमताओं को पहचानने तथा बदलते समय और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप भविष्य की योजना बनाने के लिए प्रेरित किया गया है।
भविष्य की संभावनाओं को समझना भी बेहद महत्वपूर्ण
इस अवसर पर डॉ. प्रतीक जैन ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही समय पर सही करियर का चुनाव, आवश्यक कौशलों का विकास और भविष्य की संभावनाओं को समझना भी बेहद महत्वपूर्ण है। इस पुस्तक के माध्यम से उनका प्रयास है कि विद्यार्थी भ्रम और अनिश्चितता से बाहर निकलकर आत्मविश्वास के साथ अपने करियर की दिशा निर्धारित कर सकें।
अपनी संभावना पहचानने की कुंजी
डॉ. प्रतीक जैन शिक्षा, अकादमिक प्रशासन, करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वर्तमान में वे SAGE यूनिवर्सिटी, इंदौर में डायरेक्टर – काउंसलिंग एंड एडमिशन सेल के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। इस पुस्तक के प्रकाशन को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए करियर मार्गदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह पुस्तक युवाओं को अपनी संभावनाओं को पहचानने और एक सफल एवं सार्थक भविष्य की ओर आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होगी।




