इंदौर। नेमिनगर जैन कॉलोनी के घुंघट गार्डन में समवशरण पांडाल में अपने प्रवचन के दौरान आचार्य श्री सुनील सागर जी ने कहा कि मनुष्य के जीवन में दुःखों का एक बड़ा कारण उसकी इच्छाएँ, अपेक्षाएँ और निरंतर बना रहने वाला असंतोष है। व्यक्ति के मन की स्थिति कुछ ऐसी हो गई है कि जो उसे मिलता है, वह उसे चाहता नहीं और जिसे वह चाहता है, वह उसे मिल नहीं पाता। जो उसका अपना है, उसकी उसे कद्र नहीं और जो उसका नहीं है, उसे पाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहता है। विडंबना देखिए कि जो हमारे पास उपलब्ध है, उसके प्रति हमारे मन में प्रेम और संतुष्टि का भाव नहीं रहता, जबकि जो हमारे पास नहीं है, उसकी प्राप्ति की इच्छा दिन-रात बनी रहती है। इसी चाह और अप्राप्ति के बीच मनुष्य का जीवन उलझकर रह जाता है। वह वर्तमान में उपलब्ध सुखों को अनुभव करने के बजाय भविष्य में मिलने वाली खुशियों की कल्पना में अपना आज भी खो देता है।
प्राप्त है, उसके प्रति प्रेम और कृतज्ञता का भाव रखे
यही अनावश्यक इच्छाएँ, अपेक्षाएँ और तुलना की भावना धीरे-धीरे मन में असंतोष को जन्म देती हैं और यही असंतोष आगे चलकर दुःख का कारण बनता है। यदि मनुष्य अपने जीवन में इतनी-सी समझ विकसित कर ले कि जो प्राप्त है, उसके प्रति प्रेम और कृतज्ञता का भाव रखे तथा जो अप्राप्त है, उसके लिए अनावश्यक लालसा न पाले, तो जीवन की अनेक परेशानियाँ स्वतः ही कम हो सकती हैं। वास्तव में सुख केवल मनचाही वस्तु प्राप्त करने में नहीं, बल्कि जो उपलब्ध है, उसे स्वीकार करने और उसमें संतुष्ट रहने की भावना में भी छिपा है। मनुष्य के भीतर यही छोटी-सी समझ पैदा हो जाए तो निश्चित ही उसके जीवन के अनेक दुःखों का निवारण संभव हो सकता है।




