कुण्डलपुर (दमोह)। मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म की आराधना और साधना के लिए अनुकूल परिस्थितियों की प्रतीक्षा करने के बजाय अपने भावों को अनुकूल बनाने की आवश्यकता है। व्यक्ति अक्सर कहता है कि धर्म करने की भावना तो है, लेकिन अभी अनुकूलता नहीं है। वास्तविकता यह है कि परिस्थितियों से अधिक हमारे भीतर के परिणाम धर्म के अनुकूल नहीं बन पा रहे हैं। यदि भाव जागृत हो जाएं तो कहीं न कहीं से अनुकूलता बनने लगती है। धर्म साधना में सबसे महत्वपूर्ण अपने परिणामों को चैतन्य और जागृत करना है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्र प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि मुनि श्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि आचार्य भगवंत ने स्वाध्याय में बच्चों की भूख का एक रोचक उदाहरण दिया था।

भूख का उदाहरण : जिसे भूख है, वह रोता नहीं, खा लेता है

कोई बच्चा भूख लगने पर भोजन करने बैठ जाता है, जबकि दूसरा बच्चा बार-बार भूख लगने की रट लगाता है, लेकिन भोजन सामने रख देने और मुंह तक पहुंचा देने पर भी खाना शुरू नहीं करता। इससे मां समझ जाती है कि इसे वास्तव में भूख नहीं लगी, यह केवल भूख लगने का गाना गा रहा है। इसी प्रकार जिसे अपने कल्याण और मोक्ष की वास्तविक भूख होती है, वह परिस्थितियों का रोना नहीं रोता, बल्कि उपलब्ध साधनों में ही धर्म आराधना का मार्ग खोज लेता है।

संयम का महत्व केवल तत्काल मोक्ष तक सीमित नहीं

उन्होंने कहा कि मोक्ष मार्ग में आगे बढ़ने का भाव रखने वाला व्यक्ति अनावश्यक तर्क-वितर्क में नहीं उलझता। उसका लक्ष्य स्पष्ट होता है कि मुझे आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना है। कुछ लोग कहते हैं कि पंचम काल में मोक्ष संभव नहीं है, तो फिर संयम धारण करने का क्या लाभ? लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि संयम का महत्व केवल तत्काल मोक्ष प्राप्ति तक सीमित नहीं है।

केवलज्ञान और मोक्ष की प्राप्ति के लिए विशिष्ट आध्यात्मिक अवस्था आवश्यक है। यदि गृहस्थ अवस्था में ही मोक्ष संभव होता तो तीर्थंकर जैसे महान पुण्यशाली महापुरुषों को भी राजवैभव और परिवार का त्याग करने की आवश्यकता क्यों पड़ती?

घर को स्वयं छोड़ दो, वरना एक दिन घर तुम्हें छोड़ देगा

मुनि श्री ने कहा कि घर को या तो स्वयं छोड़ दो अथवा एक दिन घर तुम्हें छोड़ देगा। हम संसार में न कुछ लेकर आए हैं और न ही यहां से कुछ लेकर जाएंगे। धन-संपत्ति और परिवार का वियोग तो एक दिन निश्चित है। लेकिन जीते-जागते, जागृत चेतना के साथ स्वेच्छा से त्याग करना और मृत्यु के कारण वस्तुओं का छूट जाना, इन दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। छूट जाने को त्याग नहीं कहते, बल्कि जागृत अवस्था में मोह और आसक्ति का परित्याग करना ही वास्तविक त्याग है।

सम्यक दर्शन से अनंत संसार अंजुली भर पानी के समान रह जाता है

मुनि श्री ने सम्यक दर्शन की महिमा बताते हुए कहा कि जिस जीव को एक बार सम्यक दर्शन प्राप्त हो जाता है, उसके अनंत संसार परिभ्रमण की अवधि सीमित हो जाती है। सम्यक दर्शन प्राप्त होने के बाद जीव का संसार अर्ध पुद्गल परावर्तन काल में सिमट जाता है। इसे समुद्र के उदाहरण से समझा जा सकता है। जिस प्रकार समुद्र की अपार जलराशि का कोई छोर दिखाई नहीं देता, उसी प्रकार सम्यक दर्शन से पहले जीव का संसार अनंत और अपरंपार होता है। लेकिन सम्यक दर्शन प्राप्त होते ही वह अनंत संसार मानो समुद्र की अपार जलराशि से सिमटकर अंजुली भर पानी के समान रह जाता है।

सम्यक दर्शन है रिजर्वेशन, चारित्र है यात्रा

उन्होंने स्पष्ट किया कि सम्यक दर्शन प्राप्त हो जाने का अर्थ यह नहीं है कि अब जीव को कुछ करना ही नहीं है और उसका मोक्ष अपने आप हो जाएगा। सम्यक दर्शन मोक्ष मार्ग में मुक्ति का रिजर्वेशन करा देता है, लेकिन मुक्ति तक पहुंचने के लिए चारित्र धारण करके पुरुषार्थ करना अनिवार्य है। इसे रेलवे के रिजर्वेशन का उदाहरण देकर समझाते हुए कहा कि किसी यात्री का टिकट कन्फर्म हो गया, इसका अर्थ है कि ट्रेन में उसकी सीट सुरक्षित हो गई है, लेकिन ट्रेन उसे लेने घर नहीं आएगी। उसे स्वयं स्टेशन पहुंचना पड़ेगा, अपना कोच और सीट तलाश कर उस पर बैठना होगा। तभी ट्रेन उसे गंतव्य तक पहुंचाएगी। यदि यात्री घर बैठा रह गया तो उसकी आरक्षित सीट खाली रह जाएगी और रेलवे विभाग उस सीट पर दूसरे यात्री को स्थान दे देगा। इसी प्रकार सम्यक दर्शन मुक्ति की पात्रता और दिशा सुनिश्चित करता है, लेकिन चारित्र का पुरुषार्थ किए बिना जीव मुक्ति तक नहीं पहुंच सकता।

सम्यक दर्शन किसी एक गति या वेद तक सीमित नहीं

मुनि श्री ने सम्यक दर्शन की प्राप्ति के संबंध में शास्त्रीय सिद्धांत स्पष्ट करते हुए कहा कि सम्यक दर्शन किसी एक वेद या पर्याय तक सीमित नहीं है। जीव नरक, देव, मनुष्य और तिर्यंच गतियों में भी सम्यक दर्शन प्राप्त कर सकता है। पुरुष, स्त्री और नपुंसक वेद की अवस्थाओं में भी सम्यक दर्शन के परिणाम संभव हैं। इसके लिए जीव में भव्यत्व, संज्ञी पंचेंद्रियपन, पर्याप्त अवस्था, साकार उपयोग और जागृत अवस्था जैसी योग्यताओं का होना आवश्यक है। हालांकि सम्यक दर्शन प्राप्त जीव के आगामी भव और आध्यात्मिक प्रगति के संबंध में शास्त्रों में विशेष नियम बताए गए हैं।

जीवन का उद्देश्य : वीतरागता को लक्ष्य बनाकर पुरुषार्थ

अंत में मुनि श्री ने स्वाध्यायियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शास्त्रों का अध्ययन करके अपने मूल तत्व को समझें, सार और असार का विवेक करें। तीन लोक में सार केवल वीतराग विज्ञानता और शिवस्वरूप की प्राप्ति है। जीवन का वास्तविक उद्देश्य वीतरागता को लक्ष्य में रखकर उसके लिए पुरुषार्थ करना है। मनुष्य पर्याय की सार्थकता इसी में है कि हम अपने परिणामों को निर्मल बनाकर आत्मकल्याण और मुक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें।