इंदौर। देश में इन दिनों जनगणना 2027 को लेकर अभियान जारी है। जैन समाज के लोगों को मुनि, साधु-संत अपने प्रवचनों के माध्यम से नित्य प्रवचन में जाति के कॉलम में जैन लिखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। ताकि देश में जैन समाज की वास्तविक जनसंख्या ज्ञात हो सके। इसी संबंध में मंगलवार को छत्रपतिनगर के दिगंबर जैन मंदिर में मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के सानिध्य में राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ की महत्वपूर्ण बैठक रखी गई। इसमें मुनिश्री सुधासागर जी महाराज ने कहा कि सरकार जैन समाज को हीन भावना से देखती है। इसलिए यह जरूरी है कि देश में 2027 में होने जा रही जनगणना में सभी समाजबंधुओं को अपनी जानकारी में जाति के कॉलम में जैन लिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे मुनि श्री प्रमाणसागर जी हो या मैं या और कोई साधु वृंद सभी की आवाज सहित समाज के हर व्यक्ति और हर वर्ग की एक ही आवाज होनी चाहिए। मुनिश्री ने कहा कि समाज के बंधुओं को हमारा आशीर्वाद है कि इंदौर में बनी रणनीति पूरे भारत देश में जैन समाज का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि अपनी असली पहचान जनगणना के माध्यम से ही संभव हो पाएगी। इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में शामिल सदस्यों ने उन्हें बताया कि जनगणना में केवल धर्म के कॉलम में ही जैन लिखने का प्रावधान सरकार ने रखा है। इसमें जाति के कॉलम में अलग जानकारी लिखनी होगी। इस मौके पर डीके जैन ने बताया कि 11 सदस्यीय टीम इस बारे में एक प्रेजेंटेशन देने के लिए यहां आना चाहती है। मुनिश्री ने इसकी स्वीकृति प्रदान करते हुए कहा कि हम इसे अवश्य देखना और समाज के लोगों को दिखाना चाहेंगे। बैठक में टीके वेद, हसमुख गांधी, मयंक जैन, राजेश जैन दद्दू सहित समाजजनों ने मुनिश्री के साथ भारत देश की जनगणना को लेकर चर्चा की। उन्हें वास्तविक स्थिति से अवगत करवाया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में इंदौर के प्रमुख सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने सहभागिता की। इस अवसर पर हंसमुख गांधी, डॉ जैनेन्द्र जैन, प्रदीप बड़जात्या, डीके जैन, इंद्रकुमार सेठी, कैलाश वेद, शेखर छाबड़ा, सनत गंगवाल, राजेश दद्दू, मयंक जैन, स्वप्निल जैन, विमल अजमेरा, देवेन्द्र सेठी, जैनेश झांझरी, कैलाश लुहाड़िया, तल्लीन बड़जात्या, पवन पाटोदी, पिंकेश टोंग्या एवं महिला परिषद् की संभागीय अध्यक्ष मुक्ता जैन, श्रीफल मीडिया समूह की संपादक रेखा संजय जैन, मंजु अजमेरा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने समाज हित में इस जागरूकता अभियान को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
बैठक में यह रणनीति हुई तय
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के अध्यक्ष राकेश गोहिल एवं उपाध्यक्ष टीके वेद ने बताया कि बैठक के दौरान जनगणना में जैन धर्मावलंबियों की सही गणना सुनिश्चित करने तथा पूरे समाज में व्यापक जन.जागरूकता अभियान चलाने की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।







