आगरा। श्री पद्मप्रभु जिनालय अवधपुरी में पदमप्रभु जिनालय परिवार द्वारा सोमवार को भगवान महावीर स्वामी का पावन निर्वाण महोत्सव श्रद्धा,भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिनालय में सामूहिक पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जैन समाज के धर्मप्रेमी बंधुओं एवं माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार्मिक आयोजन का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक एवं पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान की आराधना करते हुए निर्वाण कल्याणक के अवसर पर मंगल भावनाएं व्यक्त कीं। पूजा-अर्चना के उपरांत भक्तिभाव एवं जयकारों के बीच भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
महावीर के संदेश को जीवन में उतारने का संकल्प
इस दौरान पूरा जिनालय भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह एवं ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विवेक जैन, प्रवीण जैन,जयप्रकाश जैन, मनीष जैन, रवि जैन,नरेंद्र कुमार जैन, राकेश जैन,संजीव जैन,जितेंद्र जैन,शुभम जैन,अनिल जैन,हेमलता जैन, करुणा जैन,कविता जैन,रीता जैन, रेनू जैन, रंजना जैन,पुष्पा जैन, शालू जैन,अंजू जैन, रिंकी जैन सहित श्री पद्मप्रभु जिनालय ट्रस्ट एवं मंदिर व्यवस्था समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।




