इंदौर। नेमी नगर जैन कॉलोनी में आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ने दीपावली के पावन अवसर पर भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों को स्मरण करते हुए कहा कि नववर्ष का शुभारंभ हुआ है, कार्तिक शुक्ला एकम से 2552 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत नए वर्ष का आगाज हुआ। आचार्य श्री ने कहा कि अपने जीवन में ईर्ष्या, द्वेष और कषायों का त्याग कर धर्म एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ें। दीपावली के आध्यात्मिक महत्व को बताते हुए कहा कि दीप केवल घरों में ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में भी जलने चाहिए। मन का मैल धुले, ईर्ष्या-द्वेष समाप्त हों और प्रत्येक व्यक्ति भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चले।

परमार्थ और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलना चाहिए

भगवान महावीर स्वामी के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि संसार के झंझटों में उलझना अत्यंत कठिन है, जबकि आत्मानुभूति का मार्ग सरल है। मनुष्य को पदार्थों के पीछे भागने के बजाय परमार्थ और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलना चाहिए। आत्मा के वास्तविक स्वरूप को पहचानकर मनुष्य अपनी आत्मा को भगवान बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि नववर्ष की शुरुआत बाहरी उत्सव के साथ-साथ आंतरिक शुद्धि, संयम, सद्भावना और आत्मचिंतन के संकल्प के साथ होनी चाहिए।