मुरैना। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में सोमवार शाम अज्ञात व्यक्ति द्वारा भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी से लगभग डेढ़ किलो से अधिक वजन के चांदी के तीन छत्र चोरी कर लिए गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना के बाद जैन समाज में रोष व्याप्त है।

टोपी और रुमाल से चेहरा ढककर पहुंचा आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 7:40 बजे एक अज्ञात व्यक्ति सिर पर टोपी और चेहरे पर रुमाल बांधकर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उस समय मंदिर में आचार्यश्री ससंघ के सान्निध्य में सायंकालीन धर्मसभा चल रही थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मसभा में मौजूद थे, जबकि कुछ लोग मंदिर कार्यालय में भी बैठे हुए थे। आरोपी मुख्य द्वार से मंदिर में दाखिल हुआ। उसने चप्पल उतारी और कार्यालय की ओर भी नजर डाली। इसके बाद वह दूसरी मंजिल पर पहुंच गया।

कटर से काटकर छत्र ले गया

बताया गया कि आरोपी ने भगवान मुनिसुव्रतनाथ की वेदी क्रमांक-7 पर स्थापित जिनेंद्र प्रभु के ऊपर एक ही लड़ी में लगे तीनों चांदी के छत्रों को कटर से काट दिया। इसके बाद तीनों छत्रों को लाल रंग के थैले में रखा और उसी रास्ते से मंदिर से बाहर निकल गया। चोरी गए तीनों चांदी के छत्रों का कुल वजन लगभग डेढ़ किलो से अधिक बताया जा रहा है।

सुबह पूजन के समय मिली चोरी की जानकारी

मंगलवार सुबह श्रद्धालु अभिषेक एवं पूजन के लिए मंदिर पहुंचे, तब वेदी से चांदी के छत्र गायब मिले। इसके बाद मंदिर कमेटी को घटना की जानकारी दी गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

बड़ा जैन मंदिर कमेटी के मंत्री विनोद जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं समाजजन सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन देकर घटना से अवगत कराया।

सूचना मिलने पर सीएसपी दीपाली चंदोरिया एवं नगर निरीक्षक अतुल सिंह भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मंदिर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर जांच शुरू की।

शीघ्र गिरफ्तारी और बरामदगी की मांग

बीच बाजार में स्थित जैन मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने की घटना से समाजजनों में भारी रोष है। मंदिर कमेटी ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन की प्रतिलिपि सौंपते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने और चोरी गए चांदी के छत्रों की बरामदगी की मांग की है।

मंदिरों की सुरक्षा को लेकर चिंता

घटना के बाद जैन समाज में मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। समाजजनों ने पुलिस प्रशासन से मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।