इंदौर। अंतर्मुखी मुनिश्री 108 पूज्यसागर जी महाराज के वर्षायोग चातुर्मास-2026 का भव्यातिभव्य कलश स्थापना समारोह रविवार को इंदौर इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, पीथमपुर रोड स्थित गेंदालाल बम परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातःकाल से ही पूरा परिसर "णमोस्तु गुरुवर" एवं "जय पूज्यसागर जी" के जयघोषों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित होकर कलश स्थापना की मंगल आराधना की।

विधि-विधान से हुई कलश स्थापना
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन, कलश स्थापना, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुनिश्री के पाद प्रक्षालन का सौभाग्य कांतिलाल बम, डॉ. अक्षय–रिचा बम, अभिनंदन बम, समृद्धि बम परिवार, बड़नगर–इंदौर, पूनम–पराग बाफना तथा लक्ष्य–अनंत बाफना परिवार को प्राप्त हुआ। दीप प्रज्ज्वलन नरेन्द्र वेद, भरत जैन, संदीप जैन मोयरा, अमित कासलीवाल एवं कैलाश वेद ने किया। शास्त्र भेंट हसमुख गांधी, तल्लीन बड़जात्या, टी.के. वेद, रेखा संजय जैन एवं टीना कमलेश जैन ने की।

4 हजार वीडियो बनाने का लक्ष्य
अपनी मंगल देशना में मुनिश्री पूज्यसागर जी महाराज ने कहा कि चातुर्मास का सबसे बड़ा लाभ साधु-संघ के निकट रहकर धर्म साधना करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि भगवान महावीर ने भी 12 चातुर्मास किए थे। मुनिश्री ने अक्षय कलश अभियान के अंतर्गत 4 हजार वीडियो तैयार करने का लक्ष्य घोषित करते हुए समाज को धर्म प्रभावना के आधुनिक माध्यमों से जोड़ने का आह्वान किया।

समाजहित की योजनाओं की घोषणा
मुनिश्री ने चारुकीर्ति स्कॉलरशिप योजना, आरोहण परिवार के सेवा कार्यों तथा समाजोपयोगी अभियानों की जानकारी देते हुए विभिन्न दायित्वों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि चातुर्मास-2026 के अध्यक्ष संदीप मादावत तथा मुख्य संयोजक श्रेष्ठी जैन होंगे।
अक्षर कलश अभियान का अध्यक्ष अमित कासलीवाल, चारुकीर्ति स्कॉलरशिप योजना का अध्यक्ष नरेन्द्र वेद तथा मध्यवर्गीय परिवारों एवं नौकरीपेशा युवाओं को स्वरोजगार और व्यापार से जोड़ने के अभियान का दायित्व भरत जैन,संदीप जैन मोयरा एवं प्रांजल बड़जात्या को सौंपा गया।

साधु सेवा के लिए बनेगी विशेष वाहन व्यवस्था
मुनिश्री ने बताया कि इंदौर से विहार करने वाले साधु-संघों के मार्ग में चौका लगाने की व्यवस्था को सुगम बनाने हेतु विशेष वाहन (गाड़ी) के निर्माण की जिम्मेदारी राकेश विनायका एवं भरत जैन को दी गई है। उन्होंने कहा कि विहाररत साधुओं की सेवा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभा में एम. के. जैन ने अपनी छोटी गाड़ी देने का ऐलान किया।

श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा आयोजन
पूज्य वर्षायोग धर्म प्रभावना समिति-2026 के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का संचालन श्रीफल मीडिया समूह की संपादक रेखा संजय जैन ने किया। मुनिश्री ने मंगलाष्टक के साथ विधिवत कलश स्थापना सम्पन्न करवाई तथा वर्षायोग के सफल संचालन की मंगलकामना की। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं ने भजन, गुरु वंदना एवं पूजन के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त की।

महावीर जयघोष टीम ने बिखेरा आकर्षण
कलश स्थापना समारोह एवं मंगल जुलूस में वर्णित जैन, टिशा जैन, सृष्टि जैन, अन्नू जैन, दर्शन जैन, कृतज्ञ जैन, आश्रय जैन, आरवी जैन, आरव जैन, मोक्षिका जैन, मिताली जैन एवं गौरी जैन सहित महावीर जयघोष टीम के युवाओं ने आकर्षक बैंड वादन प्रस्तुत किया। समर्पण डांस अकादमी की बालिकाओं ने निधि जैन के मार्गदर्शन में मंगलाचरण की मनमोहक प्रस्तुति दी। पूरे आयोजन में सरगम जैन की मनमोहक स्वर में भजन प्रस्तुति रही।

अनेक समाजों एवं संस्थाओं द्वारा मुनि श्री का पूजन
पूज्य गुरुदेव की पूजन में विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं को भक्ति-भाव के साथ अर्घ्य अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इसमें कांतिलाल बम परिवार, पोरवाड़ समाज (अध्यक्ष: नमीष जैन), परिवहन नगर समाज (अध्यक्ष: नवनीत जैन), पूज्य वर्षायोग धर्मप्रभावना समिति-2026 के सदस्यगण, वैभव नगर समाज (अध्यक्ष: श्रीपाल जैन), इंदौर रीजन फेडरेशन के सदस्यगण तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, पूर्व अध्यक्ष राकेश विनायका एवं इंदौर रीजन सचिव संजय पापड़ीवाल, राजेंद्र नगर समाज (अध्यक्ष: दीपक पाटनी), सामाजिक संसद के पूर्व अध्यक्ष कैलाश वेद, छावनी नगर समाज (अध्यक्ष: देवेंद्र सेठी), सन्मति ग्रुप, इंदौर के सदस्यगण एवं अध्यक्ष नितेश जैन, ग्रेटर बाबा परिसर समाज, कालानी नगर समाज, स्मृति नगर समाज, अंजली नगर समाज, आरोहण फाउंडेशन परिवार तथा पूज्य गुरुदेव के गृहस्थ जीवन के माता-पिता विमला सोमचंद जैन ,दीपक जैन एवं परिवार, नंदा नगर समाज (अध्यक्ष: शीतल जैन) को अर्घ्य अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

नए स्वरूप में पुनः शुरू हुई 'श्रीफल' पत्रिका, अगस्त अंक का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2005 में प्रारंभ हुई 'श्रीफल' पत्रिका का लंबे अंतराल के बाद नए कलेवर एवं आधुनिक स्वरूप में पुनः प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर अगस्त अंक का विधिवत विमोचन भी हुआ।
जानकारी देते हुए श्रीफल मीडिया हाउस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर दीपक जैन ने बताया कि अब 'श्रीफल' पत्रिका का नियमित एवं निरंतर प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप पत्रिका को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे जैन समाज की धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पाठकों तक पहुँचाया जा सके।
नियमित होंगे धार्मिक कार्यक्रम
समिति ने बताया कि पूरे चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन पूजन, प्रवचन, सामायिक, प्रतिक्रमण, स्वाध्याय एवं अन्य धार्मिक गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित होंगी। समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिकाधिक धर्मलाभ लेने का आह्वान किया। सामाजिक संसद ने चातुर्मास की मंगलमयता के लिए व्यक्त की मंगल कलश स्थापना की भावना दोपहर सत्र में सामाजिक संसद के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा ने पूज्य गुरुदेव के चातुर्मास को मंगलमय एवं धर्मप्रभावना से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगल कलश स्थापना की भावना व्यक्त की। इस अवसर पर अक्षय कासलीवाल एवं दीपिका आकाश कोयला भी उनके साथ उपस्थित रहे और उन्होंने भी इस पुण्य भावना में सहभागिता निभाई।


