मुरैना। ए.बी. रोड हाईवे पर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को वार्षिक महामस्तकाभिषेक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया जाएगा। आयोजन आचार्य श्री 108 उदारसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 उपशांतसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में होगा।

प्रातः 10 बजे होगा महामस्तकाभिषेक

ज्ञानतीर्थ क्षेत्र महाआराधक परिवार के जिनेश जैन कालू ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे मंगलाचरण से होगा। इसके बाद प्रातः 9:30 बजे आचार्यश्री का मंगल उद्बोधन होगा तथा 10 बजे बड़े बाबा श्री आदिनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक संपन्न कराया जाएगा।

प्रातः 11 बजे आचार्यश्री ससंघ की आहारचर्या होगी। प्रतिष्ठाचार्य संजय शास्त्री, सिहोनिया के मार्गदर्शन में धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न होंगी। मनीष एंड पार्टी, मुरैना द्वारा संगीतमय भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।

संतों का मिला मंगल आशीर्वाद

समाधिस्थ सराकोद्धारक आचार्य रत्न श्री 108 ज्ञानसागर जी महाराज की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से ज्ञानतीर्थ क्षेत्र का निर्माण हुआ था। आयोजन के लिए आचार्यश्री ज्ञेयसागर जी महाराज, आचार्यश्री अभिनंदनसागर जी महाराज, गणिनी आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी, गणिनी आर्यिका श्री आर्षमति माताजी, आर्यिका श्री सुज्ञानमति माताजी एवं आर्यिका श्री दयामति माताजी का मंगल आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।

24 अक्टूबर को होगा संघ का मंगल विहार

आचार्य श्री 108 उदारसागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार शनिवार, 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे बड़े जैन मंदिर से ज्ञानतीर्थ क्षेत्र के लिए होगा। आयोजकों ने समाजजनों से मंगल विहार में सहभागी बनने की अपील की है।

महोत्सव का आयोजन श्री ज्ञानतीर्थ क्षेत्र महाआराधक परिवार एवं सकल जैन समाज, मुरैना द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था रहेगी।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना