आगरा। आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का बुधवार, 21 अक्टूबर को मोती कटरा स्थित श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर में भव्य मंगल आगमन हुआ। आचार्यश्री के आगमन पर जैन समाज में उत्साह और भक्तिमय वातावरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुदेव की अगवानी कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
जयपुर हाउस से हुआ मंगल विहार
आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का मंगल विहार दोपहर 3 बजे श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जयपुर हाउस से प्रारंभ हुआ। विहार यात्रा में श्रद्धालु भक्तिभाव से शामिल हुए और गुरुदेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
मंदिर पहुंचकर किए जिनेंद्र दर्शन
मोती कटरा स्थित श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर पहुंचने पर सकल जैन समाज ने आचार्यश्री ससंघ का स्वागत किया। आचार्यश्री ने सर्वप्रथम मंदिर में विराजमान जिन प्रतिमाओं के दर्शन कर धर्माराधना की। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के चरणों में नमन कर मंगल आशीर्वाद लिया।
धर्म और संस्कारों का दिया संदेश
मोती कटरा सकल जैन समाज की ओर से आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल भेंट किया गया। इसके पश्चात आचार्यश्री ने मंगल उद्बोधन में धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
चार दिन रहेगा मंगल प्रवास
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आचार्यश्री ससंघ का मंगल प्रवास चार दिन तक मोती कटरा जैन मंदिर में रहेगा। इसके बाद आचार्यश्री का मंगल विहार श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, पीर कल्याणी नसिया की ओर होगा।
इस अवसर पर अनिल जैन, पवन जैन, अनंत जैन, मनोज जैन, संजीव जैन, सुशील जैन, बॉबी जैन, अमित जैन, डॉली जैन, पायल जैन, अर्चना जैन, शशि जैन, अरुणा जैन सहित मोती कटरा जैन समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




