मुरैना/इंदौर। जैन समाज के धार्मिक, सामाजिक और ऐतिहासिक गौरव को समर्पित तीन राष्ट्रीय आयोजन अक्टूबर एवं नवंबर 2026 में आयोजित किए जाएंगे। इनमें तीर्थ संरक्षण, सामाजिक एकता और गुरु परंपरा के प्रति समर्पण का संदेश दिया जाएगा।

मथुरा में तीर्थक्षेत्र कमेटी का 125वां वर्ष समारोह

तीर्थक्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय मंत्री हसमुख जैन गांधी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 21 एवं 22 अक्टूबर को चौरासी, मथुरा में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी का शतकोत्तर रजत स्थापना वर्ष महोत्सव आयोजित होगा। समारोह में कमेटी की 125 वर्षीय ऐतिहासिक यात्रा, तीर्थ संरक्षण और धार्मिक योगदान को केंद्र में रखा जाएगा।

अयोध्या में राष्ट्रीय सम्मेलन और जन्मोत्सव

25 एवं 26 अक्टूबर को भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि दिगंबर जैन तीर्थ, बड़ी मूर्ति, अयोध्या में दिगंबर जैन सर्वजातीय राष्ट्रीय सम्मेलन एवं गणिनीप्रमुख आर्यिका शिरोमणि ज्ञानमती माताजी का 93वां जन्मोत्सव आयोजित होगा। 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय सम्मेलन और 26 अक्टूबर को माताजी का संयम दिवस तथा जन्मजयंती समारोह निर्धारित है।

आयोजन के माध्यम से जैन समाज की एकता, सामाजिक समरसता और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

कोटा में आचार्य पदारोहण शताब्दी महोत्सव

तीसरा राष्ट्रीय आयोजन 22 नवंबर को कोटा, राजस्थान में प्रशममूर्ति आचार्य श्री शांतिसागर जी महाराज के आचार्य पदारोहण शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित होगा। महोत्सव में भारत गौरव एवं स्वस्तिधाम प्रणेता आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी, जहाजपुर का सान्निध्य प्राप्त होगा।

तीनों आयोजनों में समाजबंधुओं और धर्मानुरागियों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता की अपील की गई है।

श्रीफल साथी : मनोज जैन नायक, मुरैना/इंदौर