महरौनी। अरविंद जैन पड़वा वालों की बेटी आकांक्षा जैन ने सेमीकंडक्टर तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से महरौनी का गौरव बढ़ाया है। आकांक्षा को नई दिल्ली के यशोभूमि में 17 से 19 सितंबर तक आयोजित SEMICON India 2026 में अपने सेमीकंडक्टर चिप डिजाइन एवं शोध कार्य को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को इस वैश्विक आयोजन का उद्घाटन किया और युवा चिप डिजाइनरों एवं विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

IIT इंदौर से कर रही हैं VLSI डिजाइनिंग में पीएचडी

आकांक्षा वर्तमान में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) इंदौर से VLSI डिजाइनिंग में पीएचडी कर रही हैं। उनके शोध का प्रमुख क्षेत्र हार्डवेयर त्वरक है। वे भारत सरकार के चिप-टू-स्टार्टअप कार्यक्रम से जुड़े शोध कार्य में भी सहभागी हैं।

उनके द्वारा साझा जानकारी के अनुसार, परियोजना के अंतर्गत शरीर में प्रत्यारोपित किए जा सकने वाले पेसमेकर जैसे चिकित्सा उपकरणों के लिए उपयोगी चिप विकसित करने से संबंधित शोध पर भी कार्य किया जा रहा है।

नवोदय से IIT तक का शैक्षणिक सफर

आकांक्षा ने कक्षा 6वीं से 12वीं तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद भोपाल के ओरिएंटल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार में बीटेक किया।

वर्ष 2020 में GATE परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने SGSITS से माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स एवं VLSI डिजाइन में एमटेक किया। इसके बाद सेमीकंडक्टर डिजाइन के क्षेत्र में उच्च शोध के लिए IIT इंदौर से जुड़ीं।

पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को पढ़ाया गणित

आकांक्षा का सफर केवल अपनी पढ़ाई तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों और JEE की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को गणित पढ़ाया। इसके साथ ही प्रेस्टीज कॉलेज में भी अध्यापन कार्य किया।

चिप डिजाइन में युवाओं को मिल रहे नए अवसर

SEMICON India 2026 में शोधार्थियों, विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, स्टार्टअप और उद्योग जगत की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार के मुताबिक सेमीकंडक्टर कार्यक्रम के अगले चरण में चिप डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास और प्रतिभा विकास प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी उद्घाटन के दौरान भारत में शोध कर रही युवा प्रतिभाओं को उन्नत तकनीक के विकास में आगे आने का आह्वान किया।

वैश्विक मंच पर प्रस्तुति से परिवार और नगर में खुशी

सेमीकॉन इंडिया जैसे बड़े मंच पर अपने शोध और चिप डिजाइन से जुड़े कार्य को प्रस्तुत करने का अवसर आकांक्षा के शैक्षणिक सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आयोजन में दुनिया भर की सेमीकंडक्टर कंपनियों, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

आकांक्षा की उपलब्धि पर परिवार, समाजजनों एवं महरौनी के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।