अंबाह। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त महेंद्रसिंह यादव ने शुक्रवार को अंबाह स्थित जैन बगीची पहुंचकर आर्यिका श्री संगममति माताजी ससंघ के मंगल दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कमलेश जाटव भी उनके साथ मौजूद रहे। जैन बगीची पहुंचने पर महेंद्र सिंह यादव ने आर्यिका रत्न श्री संगममति माताजी के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने माताजी से धर्म एवं आध्यात्मिक विषयों पर आशीर्वाद प्राप्त किया। माताजी ससंघ के सानिध्य में कुछ समय बिताकर उन्होंने धार्मिक आयोजन एवं चातुर्मास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान जैन समाज के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी लोगों की मौजूदगी रही। माताजी के दर्शन के दौरान जैन बगीची में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण नजर आया। श्रद्धालुओं ने भी अतिथियों की मौजूदगी के बीच धार्मिक भाव के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
पूर्व विधायक ने भी लिया आशीर्वाद
यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य और आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा एवं सद्विचारों का संचार करता है। उन्होंने आर्यिका रत्न श्री संगममति माताजी के दर्शन को सौभाग्य बताते हुए उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की। पूर्व विधायक कमलेश जाटव ने भी माताजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने अतिथियों के साथ धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा की। आर्यिका श्री संगममति माताजी ससंघ के मंगल सानिध्य में चल रहे धार्मिक आयोजनों के बीच मंत्री दर्जा प्राप्त अध्यक्ष महेंद्रसिंह यादव का जैन बगीची पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष अवसर रहा।




