सनावद। भगवान महावीर जैन धर्म के 24वें और अंतिम तीर्थंकर हैं। उन्होंने कार्तिक कृष्ण अमावस्या के दिन स्वाति नक्षत्र में कैवल्य ज्ञान प्राप्त कर निर्वाण प्राप्त किया था। जैन धर्म में धन, यश और वैभव लक्ष्मी के बजाय वैराग्य लक्ष्मी की प्राप्ति पर बल दिया गया है। सन्मति जैन काका ने बताया कि नगर में प्रतिवर्ष दीपावली के दिन जैन धर्म में दीपमालिका सजाकर भगवान महावीर का निर्वाणोत्सव मनाया जाता है। कार्तिक अमावस्या के दिन भगवान महावीर स्वामी को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। उसी दिन शाम को श्री गौतम स्वामी को कैवल्यज्ञान की प्राप्ति हुई थी, तब देवताओं ने प्रकट होकर गंधकुटी की रचना की और गौतम स्वामी एवं कैवल्यज्ञान की पूजा कर दीपोत्सव का महत्व बढ़ाया।
पंचामृत अभिषेक पूजन किया
इस अवसर पर सुबह से सर्वप्रथम दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जी में पंचामृत अभिषेक पूजन के पश्चात परंपरागत निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। इस अवसर पर शांति धारा करने का सोभाग्य निलेश कुमार चांदमल जैन एवं श्रीकांत कमल कुमार जटाले परिवार को प्राप्त हुआ। वही मुख्य निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य किरण बाई, सलित-सुजाता जैन, प्रफुल्ल-रीना, सार्थक-अर्चिता जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद सुपार्श्वनाथ मंदिर एवं श्री खंडेलवाल आदिनाथ छोटा जैन मंदिर, श्रीमंदर जिनालय, महावीर जिनालय सहित पोदनपुरम, णमोकार धाम, मोरटक्का सहित सिद्धवरकूट जी में भी लाडू चढ़ाया गया।
लड्डुओं का नैवेद्य अर्पित किया
भगवान महावीर के दिव्य संदेश 'जियो और जीने दो' को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वर्ष-प्रतिवर्ष कार्तिक अमावस्या को दीपक जलाए जाते हैं और भगवान महावीर से कृपा-प्रसाद प्राप्ति हेतु लड्डुओं का नैवेद्य अर्पित किया जाता है। इसे श्निर्वाण लाडूश् कहा जाता है। इस अवसर पर सभी समाजजनों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दी। इस अवसर पर सभी समाजजन उपस्थित थे।




