छोटी बिजौलियां। दीपावली के पावन अवसर पर छोटी बिजौलियां स्थित दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं ने भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना की तथा निर्वाण लाडू अर्पित किया। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर भक्ति भाव से पूजा की। इस अवसर पर मंदिर के शिखर पर विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार नई धर्म ध्वजा पहनाई गई। ध्वजा आरोहण के दौरान समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महावीर के उपदेशों को आत्मसात करने का संदेश दिया
समाजजनों ने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम के सिद्धांतों को स्मरण करते हुए उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। जैन मान्यताओं के अनुसार भगवान महावीर ने कार्तिक अमावस्या के दिन बिहार के पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। इसी की स्मृति में जैन समाज दीपावली को निर्वाण महोत्सव के रूप में मनाता है। इस अवसर पर छोटी बिजौलियां के जैन समाज के लोगों ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए महावीर स्वामी के उपदेशों को आत्मसात करने का संदेश दिया। मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण बना रहा।




