आगरा। जयपुर हाउस स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आचार्यश्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित कर पुण्यार्जन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6.30 बजे भगवान के अभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद प्रातः 7 बजे शांतिधारा एवं 7.30 बजे संगीतमय सामूहिक पूजन किया गया। प्रातः 8.30 बजे भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के उपलक्ष्य में निर्वाण लाडू समर्पित किए गए।

श्रद्धालुओं ने धर्म, त्याग, तप और मोक्ष मार्ग के महत्व को समझा

इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान का गुणगान किया तथा विश्व शांति एवं जनकल्याण की मंगल कामना की। महोत्सव का विशेष आकर्षण भगवान के चरणों में एक निर्वाण लाडू के साथ 108 महानिर्वाण लाडू अर्पित करना रहा। रत्न एवं चांदी के पुष्पों से सुसज्जित महानिर्वाण लाडू विभिन्न परिवारों की ओर से भगवान के पावन चरणों में समर्पित किए गए। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।आचार्य श्री के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने धर्म, त्याग, तप और मोक्ष मार्ग के महत्व को समझा। मंदिर समिति की ओर से सभी धर्मप्रेमी बंधुओं के लिए साधारण निर्वाण लाडू की व्यवस्था भी की गई थी।

कार्यक्रम में यह समाजजन रहे मौजूद

इस अवसर पर राकेश जैन पर्देवाले, अभिषेक जैन, नीरज जैन, सुबोध जैन, दीपक जैन, विनोद रांवका, नानकचंद जैन,अजय जैन,पंकज जैन,शैलू रांवका, प्रमोद जैन, मनोज जैन, बॉबी जैन, अमित जैन एकता जैन, शिल्पी जैन, रुचि जैन, मालती जैन, पूजा जैन, राखी जैन सहित शांतिनाथ युवा मंडल, शांतिनाथ महिला मंडल, स्वास्तिक महिला मंडल एवं जयपुर हाउस मंदिर समिति के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।