"lalitpur_sudhasagar_muni_diksha_mahotsav_44"

टैग्स:

ललितपुर। तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज का 44वां मुनि दीक्षा महोत्सव सुधासागर कन्या इंटर कॉलेज, डोंडाघाट में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।

आयोजन दिगंबर जैन समाज पंचायत समिति (पंजी.), ललितपुर के तत्वावधान में मुनि श्री विशदसागर जी महाराज एवं मुनि श्री शिवसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

पूजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा आयोजन

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं चित्र अनावरण के साथ हुआ। मुनि पुंगव सुधासागर जी महाराज की संगीतमय पूजन में महिला मंडल और समाज श्रेष्ठीजनों ने श्रद्धापूर्वक अर्घ्य समर्पित किए।

विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से धर्म, संस्कार और शिक्षा का संदेश दिया गया।

स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी का उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में स्मार्ट क्लास एवं लाइब्रेरी का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन ने किया। इस पहल को विद्यार्थियों के अध्ययन, डिजिटल शिक्षा और ज्ञानवर्धन के लिए उपयोगी बताया गया।

दीक्षा को बताया उत्कृष्ट साधना

मुनि श्री विशदसागर जी महाराज ने कहा कि जैन धर्म में दीक्षा उत्कृष्ट साधना का मार्ग है। उन्होंने मुनि सुधासागर जी महाराज द्वारा धर्म एवं धर्मायतनों के संरक्षण के लिए दी गई प्रेरणा को अनुकरणीय बताया।

उन्होंने कहा कि दीक्षा दिवस समाज के लिए त्याग, तपस्या, संयम एवं आध्यात्मिक प्रेरणा के आदर्शों को आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

समाजजनों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में जैन पंचायत अध्यक्ष डॉ. अक्षय जैन टड़ैया, महामंत्री आकाश जैन, सनत जैन खजुरिया, सीए सौरभ जैन, प्रफुल्ल कुमार जैन दैलवारा, संजीव जैन, अनिल जैन अंचल, अखिलेश गदयाना, सुरेशचंद्र बढ़ेरा, राजकुमार कैप्टन, अक्षय अलया, मनोज जैन बबीना, संजय रसिया, राजकुमार जैन सराफ, सुनील सराफ, अशोक कुमार जैन दैलवारा, पारस मनया, सुमित जैन खजुरिया, संजय ककडारी, प्रभात सराफ, सतीश नजा, प्रमोद जैन एवं कुशलचंद्र जैन एडवोकेट सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल कुमार जैन एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती कल्पना जैन ने किया।

श्रीफल साथी : ललितपुर