इंदौर (श्रीफल साथी राजेश जैन दद्दू)। संत शिरोमणि प.पू. विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य एवं राष्ट्रसंत मुनि पुंगव प.पू. श्री सुधासागर महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में शहर के सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से पहली बार लाखों श्रीफलों से सामूहिक महाअर्घ्य समर्पित कर रक्षाबंधन महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह ऐतिहासिक आयोजन शुक्रवार, 28 अगस्त को दलाल बाग परिसर में होगा।
श्रमण संस्कृति रक्षा दिवस के रूप में मनेगा महोत्सव
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस महोत्सव को श्रमण संस्कृति रक्षा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन के दौरान शहर के प्रत्येक सौभाग्यशाली जैन परिवार द्वारा विधान में 700 श्रीफल समर्पित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि श्रीफलों की कुल संख्या लाखों से अधिक होगी। शहर में इससे पहले इस तरह का विशाल रक्षाबंधन विधान महामहोत्सव आयोजित नहीं हुआ है।
सुबह 6 बजे से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन
सकल दिगंबर जैन धर्म प्रभावना समिति की ओर से चक्रवर्ती आकाश दीपिका कोल, शिवानी-नवीन गोधा, तृप्ति-हर्ष जैन, सपना-मनीष गोधा तथा अंतिका-आनंद गोधा ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को सुबह 6 बजे से श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं राष्ट्रसंत के पाद प्रक्षालन का आयोजन होगा।
इसके बाद सुबह 6.30 बजे मंगलाचरण एवं रक्षाबंधन पूजन तथा सुबह 7 बजे से सामूहिक रक्षाबंधन विधान का अनूठा आयोजन किया जाएगा।
धर्म संस्कृति की रक्षा पर राष्ट्रसंत का प्रवचन
सुबह 8.45 बजे से राष्ट्रसंत मुनि पुंगव सुधासागर महाराज के विशेष प्रवचन होंगे। प्रवचन में धर्म संस्कृति की रक्षा और श्रावक के कर्तव्य विषय पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
वात्सल्य सूत्र का होगा दिव्य आयोजन
महोत्सव के अंतर्गत सुबह 10 बजे से वात्सल्य सूत्र का दिव्य आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार शहर में पहली बार हो रहे इस महोत्सव में देशभर से श्रद्धालु एवं समाजबंधु शामिल होंगे।
शाम को होगा जिज्ञासा समाधान
इसी दिन शाम 6 बजे से दलाल बाग के विशाल विद्या-सुधा सत्संग मंडप में जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बालब्रह्मचारी प्रदीप भैया एवं पारस भैया के निर्देशन में रक्षा बंधन महामंडल विधान सम्पन्न होगा।
सामूहिक सहभागिता बनेगी महोत्सव का विशेष आकर्षण
लाखों श्रीफलों से सामूहिक महाअर्घ्य, हजारों परिवारों की सहभागिता, संतों का सान्निध्य और धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला इस रक्षाबंधन महामहोत्सव को विशेष बनाएगी। आयोजकों ने सकल दिगंबर जैन समाज से अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया है।



