कोटड़ा (उदयपुर)। मांडवा थाना क्षेत्र के जुड़ा कस्बे में मकान निर्माण के लिए चल रही नींव की खुदाई के दौरान पत्थर की नौ जैन प्रतिमाएं मिलने से क्षेत्र में कौतूहल फैल गया। सूचना मिलने पर मांडवा थानाधिकारी मुगलाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और कार्य रुकवाकर प्रतिमाओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
75 वर्ष से बंद मंदिर के समीप हुई खुदाई
जानकारी के अनुसार, करीब 75 वर्षों से बंद पड़े पुराने जैन मंदिर के समीप आबूरोड निवासी तनवीर वकील के मकान निर्माण के लिए नींव खोदी जा रही थी। मजदूरों को गहराई में पत्थर की प्रतिमाएं दिखाई देने पर सुरक्षा की दृष्टि से खुदाई तत्काल रोक दी गई।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सभी नौ प्रतिमाओं को जुड़ा निवासी अशोक जैन के घर सुरक्षित रखवाया है। सूचना मिलने पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिमाओं के दर्शन के लिए पहुंचे।
विशेषज्ञों की जांच के बाद होगा स्पष्ट
पुलिस के अनुसार पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग को इसकी सूचना दी जाएगी। विशेषज्ञ प्रतिमाओं की कलाशैली, कालखंड और ऐतिहासिक महत्व का आकलन करेंगे। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतिमाएं किस समयावधि की हैं और बंद पड़े जैन मंदिर से इनका संबंध रहा है या नहीं।
प्रतिमाएं पुरानी प्रतीत होने की जानकारी सामने आई है, किंतु उनकी वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही संभव होगी।
सोशल मीडिया पोस्टर सार
कोटड़ा के जुड़ा गांव में खुदाई के दौरान मिलीं 9 जैन प्रतिमाएं।
पुलिस ने कार्य रुकवाकर प्रतिमाओं को सुरक्षित रखवाया।
पुरातत्व विभाग करेगा कालखंड और ऐतिहासिकता की जांच।
श्रीफल साथी : श्रीफल जैन न्यूज




