किशनगढ़। प्रसिद्ध मार्बल उद्योगपति, वरिष्ठ दानवीर एवं समाजसेवी भामाशाह श्री कंवरलाल पाटनी का निधन हो गया। वे वरिष्ठ समाजसेवी श्री अशोक पाटनी के पूज्य पिताजी थे। उनके निधन की सूचना से किशनगढ़ सहित संपूर्ण मार्बल उद्योग जगत, भारतवर्षीय जैन समाज और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
समाजसेवा और जनकल्याण के लिए किए कार्य
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि कंवरलाल पाटनी समाजसेवा, मानवता और जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव स्मरण किए जाएंगे। उन्होंने जीवनभर समाज एवं जरूरतमंदों की सेवा में योगदान दिया।
निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में जैन समाजजन, परिचितजन, उद्योग जगत से जुड़े लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक पाटनी परिवार के निवास पर पहुंचे तथा गहरी संवेदना व्यक्त की।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने कहा कि पाटनी जी और उनके परिवार का समाज के प्रति योगदान भावुक होकर याद किया जा रहा है। सभी ने उनके निधन को पाटनी परिवार, किशनगढ़ के सामाजिक-औद्योगिक क्षेत्र और भारतवर्षीय जैन समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
सावतसर मुक्तिधाम में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार कंवरलाल पाटनी की अंतिम यात्रा सावतसर स्थित मुक्तिधाम के लिए रवाना होगी, जहां विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दुखद अवसर पर इंदौर दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष आनंद नवीन गोधा, हर्ष जैन, महावीर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित कासलीवाल, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोहर झांझरी, हंसमुख गांधी, आजाद जैन बीड़ी वाले, टी.के. वेद, सुशील पांड्या, भूपेंद्र जैन, श्रीमती पुष्पा कासलीवाल, श्रीमती मुक्ता जैन, श्रीमती रेखा जैन सहित इंदौर जैन समाज और किशनगढ़ क्षेत्र के समाजजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकसंतप्त पाटनी परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





