इंदौर। दलाल बाग में मुनिश्री सुधासागर जी के सानिध्य में 31 वां राष्ट्रीय महिला अधिवेशन और महा जुलूस के रूप में दो दिवसीय आयोजन होने जा रहा है। अधिवेशन में महिला महाकुंभ 4 अक्टूबर रविवार को होगा। 5 अक्टूबर को महा जुलूस निकाला जाएगा। अधिवेशन के तहत महाकुंभ का प्रथम सत्र प्रातः 7.15 बजे से होगा। इस अवसर पर ध्वजारोहण, ध्वज गीत होगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मिसेज इंडिया श्वेता मेहता मोदी रहेंगी। दीप प्रज्वलन, सपरिवार मंगलाचरण सूरत संभाग द्वारा किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता डॉ.श्रद्धा जैन (पुणे) विषय- मन के युद्ध में नारी की चुनौती (फैशन, दिखावा, प्रतिस्पर्धा के बीच शील और मर्यादा की रक्षा) पर आख्यान देंगी। इस अवसर पर अतिथि सम्मान होगा और मुनिश्री की मंगल देशना होगी। द्वितीय सत्र दोपहर 1.15 बजे से सायं 4.30 बजे तक होगा। इसमें मंगलाचरण अजमेर संभाग द्वारा किया जाएगा। इसमें मुख्य वक्ता चक्रवर्ती तारा सपना गोधा इंदौर होंगी। इस अवसर पर नारी गौरव सम्मान होगा। प्रतियोगिता का अवलोकन विद्यार्थियों द्वारा किया जाएगा। आध्यात्मिक उद्बोधन, भरतनाट्यम, मुनिश्री की मंगल देशना होगी। विषय दीप, भजन संस्कृति में नारी का योगदान पर आख्यान होगा। इस दिन विशेष प्रस्तुति दिगम्बर जैन समाज की ऐतिहासिक नारियां के बारे में बताया जाएगा। तृतीय सत्र रात्रि 8.00 बजे से होगा। खेल कूद प्रतियोगिता में खो-खो, रिले रेस, म्यूजिकल चेयर रेस होगी। इस अवसर पर कार्यक्रम का संयोजन परम संरक्षिका सुशीला पाटनी कर रही हैं और शिविर का नेतृत्व श्राविका वृत्ति शीला जैन डोड्या जयपुर कर रही हैं। इस कार्यक्रम में सपना मनीष गोधा, शिवानी नवीन गोधा, खेल की संयोजिका अर्चना गोधा, अंकिता गोधा, एकता गोधा, प्राची गोधा का भी सहयोग मिलेगा।
97 शहरों से 3800 दिगंबर जैन महिलाओं की सहभागिता
शहर के एयरपोर्ट रोड पर 5 अक्टूबर को जैन समाज एक अद्भुत और ऐतिहासिक नजारा देखने जा रहा है। मुनि पुंगव 108 सुधासागर जी महाराज के पावन सानिध्य में पहली बार एक साथ 5100 महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर भव्य जुलूस में शामिल होंगी। जैन समाज के इतिहास में महिलाओं की इतनी बड़ी सहभागिता वाला यह पहला अवसर माना जा रहा है। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगड़े ने बताया कि मुनिश्री के सानिध्य में देशभर की 97 शहरों से 3800 दिगंबर जैन महिलाओं के अलावा स्थानीय महिलाओं को मिलाकर कुल 5 हजार से अधिक महिलाओं की सहभागिता के साथ दो दिवसीय महिला अधिवेशन का आयोजन इंदौर के दलालबाग में 4 एवं 5 अक्टूबर को किया जा रहा है। इसकी तैयारी जोरों पर हैं।
जुलूस प्रातः 6 बजे प्रारंभ होगा
संगीता बाकलीवाल ने बताया कि 4 अक्टूबर को सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजन रात तक चलेंगे, वहीं 5 अक्टूबर की सुबह 6 बजे मातृशक्तियों की मौजूदगी में भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। जुलूस प्रातः 6 बजे प्रारंभ होगा। मिडफ्लाइट होटल से’ एयरपोर्ट थाना, कालानी नगर चौराहा, साधना नगर, रामचंद्र नगर, छत्रपति नगर होते हुए दलाल बाग में संपन्न होगा। जुलूस के दौरान अलग-अलग महिला मंडलों द्वारा अपनी प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके लिए विशेष प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है।
10 महिला मंडल होंगे पुरस्कृत
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष साधना दगड़े, रुचि गोधा, संगीता बाकलीवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 महिला मंडलों को चयनित कर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक महिला मंडल को अपने बैनर के साथ प्रस्तुति देना होगी और इसके लिए पंजीयन अनिवार्य होगा। जुलूस और प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मंडल के पदाधिकारियों के पास नाम देना होगा।
ऐतिहासिक जुलूस में शामिल होने की अपील
आयोजक धर्म प्रभावना समिति, इंदौर और निवेदक दिगम्बर जैन समाज सामाजिक संसद इंदौर कीर्ति स्तंभ की ओर से एयरपोर्ट रोड क्षेत्र की सभी कॉलोनियों के समाजबंधुओं से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक जुलूस में शामिल होकर अपने-अपने क्षेत्र में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कर इस आयोजन की भव्यता को और बढ़ाएं। इस महाआयोजन के संयोजक युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष राहुल सेठी और महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष साधना दगड़े हैं।




