रामगंजमंडी। नगर से करीब 16 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध अतिशय क्षेत्र कैथुली में भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव को मुकुट सप्तमी के रूप में भव्यता, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र श्रद्धालुओं से भर गया और ‘जय पार्श्वनाथ’ के जयकारों से अतिशय क्षेत्र गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से बढ़ी आयोजन की गरिमा

महोत्सव में कोटा जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जैन मड़िया, भानपुरा-गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया तथा क्षेत्र के पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ पहुंचे। क्षेत्र कमेटी की ओर से तीनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला

पुण्य कर्मों का उदय बताया

महोत्स का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण का सौभाग्य राकेश जैन मड़िया एवं सुनीता जैन मड़िया परिवार, कोटा को प्राप्त हुआ।

क्षेत्र कमेटी द्वारा राकेश मड़िया का अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा, “निश्चित ही यह मेरे पुण्य कर्मों का उदय है, जो आज मुझे ध्वजारोहण का अवसर मिला। साथ ही भगवान के अभिषेक और शांतिधारा का सौभाग्य भी प्राप्त हुआ। मैं आप लोगों के बीच का ही हूं। आपने मुझे यहां बुलाया, इसके लिए मैं हृदय से आपका नमन करता हूं।”

कैथुली से आत्मीय जुड़ाव

भानपुरा-गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया ने मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आयोजन की भव्यता पर प्रसन्नता व्यक्त की। क्षेत्र कमेटी ने उनका स्वागत किया।

विधायक सिसोदिया ने कहा, “इस क्षेत्र पर आने के लिए मुझे कोई निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है। यह मेरा अपना क्षेत्र है और यहां होने वाले धार्मिक आयोजनों से मेरा आत्मीय जुड़ाव है। आप लोगों ने जो सम्मान और अपनापन दिया है,उसके लिए मैं कोटि-कोटि आभारी हूं।”

पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ भी पहुंचे

पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ भी विशेष रूप से कैथुली पहुंचे। क्षेत्र कमेटी ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की तथा क्षेत्र में चल रही धार्मिक गतिविधियों की सराहना की।

अभिषेक और शांतिधारा के लिए लगी कतारें

ध्वजारोहण के बाद भगवान पार्श्वनाथ के प्रथम दर्शन, अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ। प्रथम अभिषेक का सौभाग्य राकेश जैन मड़िया परिवार, कोटा को तथा शांतिधारा का सौभाग्य कैलाश-अजय कुमार जैन, कोटा को प्राप्त हुआ।

इसके बाद भगवान का अभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंत्रोच्चार, भक्ति और जयकारों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो उठा।

मुख्य पांडाल का लोकार्पण

महोत्सव के दौरान मुख्य पांडाल का लोकार्पण प्रभुलाल जैन एवं ज्ञानचंद जैन ठग परिवार, बोराव द्वारा किया गया। परिवार का तिलक, माला एवं मुकुट पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद मुख्य पांडाल में श्रीजी को विधि-विधानपूर्वक विराजमान किया गया।

मुख्य पांडाल में देव-शास्त्र-गुरु के चित्र का अनावरण संजय कुमार एवं राजेंद्र कुमार चौधरी, गरोठ द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलन का सौभाग्य भंवरीबाई एवं निर्मल कुमार खटोड़ परिवार, सिंगोली को मिला।

अतिथि सम्मान और धर्म प्रभावना

‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ अतिथि सम्मान का सौभाग्य करुणेश गौरव चौधरी किंगश्री परिवार, रामगंजमंडी को प्राप्त हुआ। धर्म प्रभावना के पुनीत कार्य का सौभाग्य कैलाशचंद संजय जैन, कोटा निवासी को मिला।

भक्ति भाव से हुआ महामंडल विधान

महोत्सव में भगवान पार्श्वनाथ महामंडल विधान का भव्य आयोजन हुआ। विधान के दौरान श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आए। महामंडल विधान का सौभाग्य बालचंद एवं नगीना बाई ठग परिवार, छोटी बिजोलिया को प्राप्त हुआ।

मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। इसके बाद विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले सहयोगियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

निर्वाण लाडू समर्पण बना आकर्षण

महोत्सव के समापन अवसर पर भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। अन्य वेदियों पर भी निर्वाण लाडू अर्पित किए गए। मुख्य निर्वाण लाडू समर्पण का सौभाग्य रमेशचंद राजमल सेठिया, सांगोद को प्राप्त हुआ।

अन्य वेदियों पर निर्वाण लाडू समर्पित करने का सौभाग्य पारस जैन-अंकित जैन, इंदौर; सुरेंद्र जैन-अमित जैन गोधा, कोटा तथा विनोद कुमार-सुनील कुमार सुरलाया, कोटा को प्राप्त हुआ।

क्षेत्र कमेटी ने संभाली व्यवस्थाएं

योजन की व्यवस्थाओं में अतिशय क्षेत्र कैथुली की क्षेत्र कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमेटी के संरक्षक नाथूलाल जैन एवं सिद्धार्थ जैन बाबरिया, कार्याध्यक्ष सुनील जैन सुरलाया, उपाध्यक्ष रितेश ठाई, कोषाध्यक्ष सुनील जैन चाचा, महामंत्री मनीष जैन हरसोरा, कोषाध्यक्ष सुनील जैन दुगेरिया चाचा, संवैधानिक सलाहकार रविन्द्र हरसोला एवं निर्माण मत्री मुकेश जैन जम्बू बागडिया सहित समस्त क्षेत्र कमेटी ने व्यवस्थाएं संभालीं।

आयोजन में श्री वीर जैन सोशल ग्रुप रामगंजमंडी एवं सुप्रभात समूह रामगंजमंडी सहित अनेक संस्थाओं का सक्रिय सहयोग रहा।

श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज

महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं के अल्पाहार एवं वात्सल्य भोज का पुण्यलाभ मातुश्री संतोषबाई, प्रमोदकुमार एवं सुरेशकुमार जैन बाबरिया परिवार, दौतड़ा वाले, रामगंजमंडी को प्राप्त हुआ।

कई शहरों से पहुंचे श्रद्धालु

महोत्सव में भानपुरा, रामगंजमंडी, झालरापाटन, कोटा, भवानीमंडी, सिंगोली, बोराव, रावतभाटा, पिड़ावा सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैथुली पहुंचे।

दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और ‘जय पार्श्वनाथ’ के जयकारों से अतिशय क्षेत्र कैथुली का वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुकुट सप्तमी का यह आयोजन भगवान पार्श्वनाथ की भक्ति, आस्था, तप और निर्वाण की भावना को समर्पित धार्मिक पर्व बन गया।