जयपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनकपुरी के ज्योतिनगर जैन मंदिर में आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना से ओतप्रोत समारोह आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में एडवोकेट नवीन सेठी परिवार द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और सम्मान व्यक्त किया।

मंगलाचरण और दीप प्रज्वलन

धर्मसभा का शुभारंभ किरण जैन के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद प्रमोद बडजात्या द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्रभक्ति के साथ धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश लिया।

अहिंसा और संस्कारों से राष्ट्र निर्माण

आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ने प्रवचन में कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी का नाम नहीं है, बल्कि विचारों की स्वतंत्रता, संस्कारों की दृढ़ता और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता भी सच्ची स्वतंत्रता का हिस्सा है। राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, अनुशासन, अहिंसा, सत्य और सद्भावना में निहित है।

उन्होंने कहा कि जैन दर्शन का अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत का संदेश आज विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। इन मूल्यों को जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र को अधिक संवेदनशील एवं सशक्त बनाया जा सकता है।

बच्चों ने प्रस्तुत की देशभक्ति कविता

समारोह में जैन पाठशाला के बच्चों ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। बच्चों की प्रस्तुति को उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा और उत्साहवर्धन किया।

महिला मंडल की नृत्य-नाटिका ने दिया सामाजिक संदेश

महिला मंडल ने अनीता बिंदायका के नेतृत्व में सामाजिक संकल्पों पर आधारित प्रभावशाली नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। राष्ट्रध्वज लहराते हुए प्रस्तुत की गई इस नाटिका में स्वच्छता, नारी सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

देशभक्ति गीत से भावविभोर हुआ जनसमुदाय

राजेंद्र ठोलिया ने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। गीत के माध्यम से उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। समारोह के दौरान मंदिर परिसर देशभक्ति एवं सामाजिक चेतना के भाव से सराबोर रहा।

समाजजनों ने की सहभागिता

समारोह में समाज के गणमान्य नागरिकों, प्रबंध समिति के सदस्यों, महिला मंडल, पाठशाला के बच्चों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और सामाजिक जिम्मेदारियों को स्मरण किया।

राकेश जैन दूरदर्शन ने किया संयोजन

कार्यक्रम का सफल संयोजन राकेश जैन दूरदर्शन ने किया। समारोह के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को लड्डू वितरित किए गए। आयोजन ने राष्ट्रभक्ति के साथ जैन मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और संस्कारों को जोड़ने का संदेश दिया।