जयपुर। जनकपुरी-ज्योतिनगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में मुख्य द्वार की उत्तर दिशा में विराजित पद्मावती माता को विधि-विधानपूर्वक नवीन एवं सुंदर सिंहासन पर विराजित किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की। जयकारों के बीच माता को नवीन सिंहासन पर विराजित करने के दौरान मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सिंहासन पूजन और शुद्धि हुई
सिंहासन की पूजन, शुद्धि एवं अन्य धार्मिक क्रियाएं पंडित जिनेश जैन ‘चीकू’ ने पंडित प्रभुदयाल जी के सहयोग से संपन्न कराईं। सरोज देवी पाटनी परिवार ने इन धार्मिक क्रियाओं में पुण्यार्जक के रूप में सहभागिता की।
इसके पश्चात पद्मावती माता की पूजन और गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जयकारों के बीच सिंहासन पर विराजित
दीपिका-पारस बिलाला ने पद्मावती माता को गोद में लेकर श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच नवीन सिंहासन पर विराजित किया। उपस्थित समाजजनों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ इस धार्मिक अवसर का लाभ लिया।
चालीसा पाठ और आरती के साथ समापन
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने पद्मावती माता का चालीसा पाठ किया एवं आरती उतारी। प्रसाद वितरण के साथ आयोजन श्रद्धा और भक्तिभावपूर्वक संपन्न हुआ।




