इंदौर। मुनिपुंगव श्री 108 सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में इंदौर के दलाल बाग छत्रपति नगर में 16 से 25 सितंबर तक आयोजित 33वें श्रावक संस्कार शिविर ने विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। शिविर में लगातार दस दिनों तक प्रतिदिन एक समय भोजन करने की सामूहिक साधना के लिए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। प्रमाणपत्र के अनुसार, इस आध्यात्मिक आयोजन में 5,750 शिविरार्थियों ने भाग लेकर दस दिनों तक संयमित जीवनशैली, सीमित भौतिक संसाधनों और इंद्रिय सुखों से विरक्ति का अभ्यास किया।यह उपलब्धि सकल दिगंबर जैन समाज धर्म प्रभावना समिति, इंदौर के तत्वावधान में आयोजित शिविर की आध्यात्मिक अनुशासन, सामूहिक संकल्प और धर्म प्रभावना का प्रतीक है। दसलक्षण महापर्व के अवसर पर आयोजित इस शिविर में हजारों शिविरार्थियों ने नियम, साधना, स्वाध्याय और आत्मशुद्धि के मार्ग पर चलते हुए एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
गोल्डन बुक की टीम ने किया अध्ययन और सत्यापन
विश्व रिकॉर्ड प्रमाणपत्र प्रदान करने के अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एशिया हेड डॉ. मनीष विश्नोई ने अपने उद्बोधन में बताया कि इस रिकॉर्ड के लिए आयोजन का बारीकी से अध्ययन किया गया तथा प्रत्येक विषय और निर्धारित मापदंड पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि लगातार दस दिनों तक इतने बड़े स्तर पर एक समय भोजन की सामूहिक साधना अपने आप में विशेष उपलब्धि है। डॉ. मनीष विश्नोई ने बीई के बाद पीएचडी में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। आईआईएम अहमदाबाद में सेवाएं देने के बाद उन्होंने विश्व रिकॉर्ड के क्षेत्र में कार्य प्रारंभ किया। इस प्रक्रिया में उनके सहयोगी जितेंद्र जी का भी योगदान रहा। विश्व रिकॉर्ड से संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं और समन्वय का कार्य सीए अनिल जी एवं डॉ. आभा जैन ने किया।
शिविर पुण्यार्जक परिवारों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान
इस ऐतिहासिक आयोजन में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले शिविर पुण्यार्जक आकाश–दीपिका जैन कोयला एवं आलोक–मधु जैन कोयला परिवार को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर के आयोजन में पुण्यार्जक परिवारों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा, जिसके माध्यम से इतने व्यापक स्तर पर धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। समिति के मंत्री अक्षय कासलीवाल ने बताया कि श्रावक संस्कार शिविर केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मसंयम, त्याग, अनुशासन और सामूहिक साधना का महापर्व है। मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के सानिध्य में शिविरार्थियों ने जिस निष्ठा से नियमों का पालन किया, उसी का परिणाम है कि इंदौर को इस विशिष्ट उपलब्धि से गौरवान्वित होने का अवसर मिला। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए गुरुदेव के आशीर्वाद, शिविरार्थियों के संकल्प, पुण्यार्जक परिवारों के सहयोग और समस्त कार्यकर्ताओं के परिश्रम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
समिति ने विश्व रिकॉर्ड टीम का किया सम्मान
इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज धर्म प्रभावना समिति के अध्यक्ष श्री नवीन गोधा ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम का सम्मान किया। कार्यक्रम में गिरीश जैन गिनी, हर्ष जैन, अशोक रानी दोस्सी, आनंद गोधा, अभिषेक जैन, जैनेश झंझरी, संजय सामरिया एवं आशा रानी पांड्या सहित अन्य पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे। श्रावक संस्कार शिविर की यह उपलब्धि इंदौर के जैन समाज के लिए गौरव का विषय है। इसने यह संदेश दिया कि सामूहिक संकल्प, आध्यात्मिक अनुशासन और गुरु सानिध्य से बड़े से बड़ा लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।




