जबलपुर। दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन रविवार को श्री महावीर स्वामी मार्ग स्थित श्री 1008 महावीर स्वामी जिनमंदिर, धर्मायतन में श्रद्धा एवं भक्तिभाव से उत्तम सत्य धर्म की आराधना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक महोत्सव में सहभागिता कर वीतरागी जिनेंद्र देव का पूजन-अर्चन किया।

पंचतीर्थ जिनालय में जलाभिषेक से हुई शुरुआत

धर्मायतन के पंचतीर्थ जिनालय में जलाभिषेक के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान का अभिषेक कर विश्व शांति एवं आत्मकल्याण की भावना व्यक्त की।

इसके बाद प्रशांत भैया एवं अजित भैया के नेतृत्व में सामूहिक पूजन हुआ। महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चों ने भी उत्साह से पूजन में सहभागिता की।

विचार और व्यवहार में भी सत्यता जरूरी

मुंबई से पधारे विद्वान पंडित विपिन शास्त्री के सान्निध्य में दशलक्षण महापर्व के विभिन्न धर्मों के आध्यात्मिक महत्व पर प्रवचन एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

उत्तम सत्य धर्म की व्याख्या करते हुए उन्होंने सत्य को केवल वाणी तक सीमित न रखकर विचार, व्यवहार और आचरण में भी सत्यता अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने श्रद्धालुओं को सत्य धर्म को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

प्रतिदिन हो रहे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन

जैन युवा फेडरेशन के धर्मप्रचारक नितिन जैन एवं निशांत जैन ने बताया कि दशलक्षण महापर्व के दौरान धर्मायतन जिनमंदिर में प्रतिदिन धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें समाजजन बड़ी संख्या में सहभागिता कर रहे हैं।

सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में किए जा रहे हैं।

27 सितंबर को ज्ञानायतन में क्षमावाणी पर्व

आयोजकों के अनुसार रविवार, 27 सितंबर को पाटन रोड स्थित ‘ज्ञानायतन’ जिनमंदिर में क्षमावाणी पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जबलपुर का मुमुक्षु परिवार परस्पर क्षमा याचना एवं क्षमा प्रदान कर मैत्री, सद्भाव और आत्मशुद्धि का संदेश देगा।