इंदौर। श्री 1008 अतिशयकारी मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन जिनालय में सैटेलाइट जैन समाज ने आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज, आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज एवं आर्यिका शिरोमणि श्री 105 ज्ञानमती माताजी के अवतरण दिवस गुरु उपकार दिवस के रूप में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाए।
अभिषेक और शांतिधारा से शुरुआत
सैटेलाइट जिनालय के महेंद्र जैन ने बताया कि प्रातःकाल समाजजनों ने श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं आरती की। इसके पश्चात श्री कल्याण मंदिर स्तोत्र महामंडल विधान आयोजित हुआ।
आकर्षक रंगोली के मंडने पर सुंदर कलशों की स्थापना एवं दीप प्रज्वलन किया गया। विधान के प्रत्येक अर्घ्य पर समाजजनों ने श्रीफल समर्पित कर भावविशुद्धि की मंगल भावना भायी।
संगीतमय पूजन और सामूहिक हवन
आचार्यश्री की संगीतमय पूजन में समाजजनों ने भक्तिभाव से सहभागिता की। विधान के उपरांत सामूहिक हवन में आहुतियां दी गईं। पूरे जिनालय परिसर में मंत्रोच्चार और गुरु भक्ति का वातावरण रहा।
भक्तामर अनुष्ठान का एक वर्ष पूर्ण
आयोजन में युवा वर्ग द्वारा संचालित श्री भक्तामर अनुष्ठान के सफलतम एक वर्ष पूर्ण होने पर समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर को धार्मिक साधना और सामूहिक सहभागिता की उपलब्धि के रूप में मनाया गया।
सायंकालीन सत्र में आरती
सायंकालीन सत्र में नित्य नियम संगीतमय आरती, श्री भक्तामर अनुष्ठान एवं आचार्यश्री की आरती संपन्न हुई। उपस्थित समाजजनों ने श्रद्धापूर्वक आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।




