इंदौर। सुधामय वर्षायोग 2026 के पावन अवसर पर निर्यापक श्रमण तीर्थचक्रवर्ती मुनिपुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज का 44वां दीक्षा दिवस महोत्सव मंगलवार, 29 सितंबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन दोपहर 1:30 बजे से दलाल बाग, छत्रपति नगर में होगा।
44 वर्षों की साधना को भावांजलि
सकल दिगंबर जैन समाज भारत मुनिश्री के तप, त्याग और संयम की 44 वर्षीय गौरवमयी साधना यात्रा को श्रद्धापूर्वक नमन करेगा। मुनिश्री ने अपने दीक्षित जीवन में धर्म प्रभावना, श्रमण संस्कृति के उन्नयन तथा आत्मकल्याण के मार्ग पर समाज को निरंतर प्रेरित किया है।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि मुनिश्री के वर्षायोग से इंदौर की धर्मनगरी में धार्मिक चेतना और साधना का वातावरण बना हुआ है।
पूजन, गुणानुवाद और धर्मसभा
महोत्सव में विशेष पूजन, गुरु गुणानुवाद, श्रद्धासुमन अर्पण और धर्मसभा का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं को मुनिश्री की अमृतमयी देशना का लाभ भी प्राप्त होगा। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित विदेशों से गुरु भक्तों के आगमन की संभावना है।
आयोजन की तैयारियां
धर्म प्रभावना समिति और दीक्षा महोत्सव समिति ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं तथा धर्मसभा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। समिति ने धर्मप्रेमी गुरु भक्तों से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
आयोजन समिति
मनीष-सपना गोधा, नवीन-आनंद गोधा, हर्ष जैन, आलोक-आकाश कोल, धर्मेंद्र जैन सिनकेम, रानी-अशोक डोसी, अक्षय कासलीवाल और राहुल जैन स्पोर्ट्स सहित धर्म प्रभावना समिति एवं दीक्षा महोत्सव समिति के सदस्य आयोजन में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर





