आगरा। कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-19 में सोमवार को क्षमावाणी पर्व समारोह श्रद्धा, भक्ति और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। समारोह में दशलक्षण महापर्व के दौरान व्रत-उपवास करने वाले तपस्वियों तथा धार्मिक गतिविधियों में सहयोग देने वाले समाजजनों का सम्मान किया गया।
मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ बालिकाओं के मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और चित्र अनावरण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। विभिन्न महिला मंडलों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
दशलक्षण पर्व के दौरान तप-साधना करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले महिला मंडल पदाधिकारियों तथा मंदिर की पूजन व्यवस्था एवं अन्य धार्मिक कार्यों में सहयोग देने वाले समाजबंधुओं को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
क्षमा से निर्मल बनता है जीवन
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि उत्तम क्षमा का भाव आपसी मनमुटाव भुलाकर प्रेम, मैत्री और सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। मन, वचन और काय से हुई भूलों के लिए क्षमा मांगना आत्मशुद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम है।
वार्षिक माल की बोली इंजीनियर संजीव जैन एवं अंजलि जैन ने प्राप्त की। इसके पश्चात श्रीजी का कलशाभिषेक किया गया। समारोह के अंत में समाजबंधुओं ने एक-दूसरे से ‘मिच्छामि दुक्कडम्’ कहकर क्षमा याचना की और आपसी प्रेम-सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सहभागिता
मंच संचालन अनुज जैन क्रांति ने किया तथा संगीत प्रस्तुति शशि जैन पाटनी ने दी। समारोह में मनोज जैन बाकलीवाल, अभिनंदन जैन पीएनसी, जगदीश प्रसाद जैन, पारस बाबू जैन, रोहित जैन अहिंसा, दिलीप जैन, यशपाल जैन, सुभाष जैन, रूपेश जैन चांदी, जितेंद्र जैन, मनीष जैन, विजय गोयल सीए, मुकेश जैन रपरिया, प्रदीप जैन एचके, समकित जैन, रेनू जैन, आशिका जैन, निधि जैन, अंकिता जैन, रश्मि गोयल, वंदना जैन तथा ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




