महरौनी। अष्टान्हिका महापर्व के पावन अवसर पर श्री 1008 अजितनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। परम पूज्य गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 विकौशल सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीजी की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा में सौभाग्यवती महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की। इसके बाद मुनिश्री के सानिध्य में विधि-विधानपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण का सौभाग्य श्रीनिवास-वंदना कठेरिया, अंकुर-संगीता कठेरिया, अंकुश-एकता कठेरिया, काव्या, एंजिल एवं वंदना साड़ी परिवार को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात भगवान श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। धार्मिक क्रियाओं के अंतर्गत श्रीजी को समवशरण में विराजमान किया गया, वहीं मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज को गंधकुटी में विराजमान कर विधान की मंगल क्रियाओं का शुभारंभ हुआ।
अष्टान्हिका महापर्व जैन धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक
इस अवसर पर मुनिश्री ने अपने मंगल प्रवचन में अष्टान्हिका महापर्व एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि अष्टान्हिका महापर्व जैन धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक है। इन आठ दिनों में स्वर्ग से देव-देवियां नंदीश्वर द्वीप पहुंचकर जिनेंद्र भगवान की आराधना और पूजन करते हैं। नंदीश्वर द्वीप आठवां द्वीप है, जहां मनुष्यों का पहुंचना संभव नहीं है। वहां स्थित 52 जिनालयों में विराजमान 108-108 जिनप्रतिमाओं सहित कुल 5616 जिनप्रतिमाओं की देवगण आठ दिनों तक आराधना करते हैं। मनुष्य वहां जाकर पूजन नहीं कर सकते, लेकिन अष्टान्हिका पर्व के दौरान अपने स्थान पर रहकर ही भावपूर्वक जिनेंद्र भगवान एवं अनंतानंत सिद्ध परमेष्ठियों की आराधना कर सकते हैं।
छोटा-सा समर्पण महान पुण्य का कारण
मुनिश्री ने कहा कि भगवान की पूजा कभी खाली हाथ नहीं करनी चाहिए। धर्म में दान और समर्पण का विशेष महत्व है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार पूजन में द्रव्य समर्पित करना चाहिए। भगवान की आराधना के साथ जीवन में दान, त्याग और समर्पण की भावना भी आवश्यक है। श्रद्धापूर्वक किया गया छोटा-सा समर्पण भी महान पुण्य का कारण बनता है।
25 नवंबर को होगा विधान का समापन
यह सिद्धचक्र महामंडल विधान 17 से प्रारंभ होकर 25 नवंबर तक आयोजित होगा। विधान के दौरान प्रतिदिन क्रमशः बढ़ती हुई संख्या में अर्घ्य समर्पित किए जाएंगे। आयोजन के विशेष अवसर पर 22 नवंबर, रविवार को गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज का 35वां आचार्य पदारोहण दिवस, मुनि श्री विकौशल सागर जी महाराज का 12वां गुरुकर मुनि दीक्षा दिवस एवं भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। वहीं 25 नवंबर को विधान के समापन पर भव्य महायज्ञ का आयोजन होगा।
धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल
आयोजन में श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन मोदी अपनी पूरी समिति के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विधान अध्यक्ष वीरेंद्र डोंगरिया एवं विधान संयोजिका रश्मि मलैया आयोजन की व्यवस्थाओं और सफल संचालन में विशेष योगदान दे रहे हैं। विधान को लेकर जैन समाज सहित धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने और पुण्यार्जन करने की अपील की है।





