आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे 16 दिवसीय श्री शांतिनाथ विधान के 14वें दिन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास का वातावरण रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भक्तों ने विधि-विधानपूर्वक प्रभु का अभिषेक कर भगवान शांतिनाथ के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन

विधान के 14वें दिन पुण्यशाली परिवार द्वारा चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके पश्चात पंडित रविंद्र कुमार जैन शास्त्री एवं सौरभ जैन शास्त्री के निर्देशन में श्रावक-श्राविकाओं ने विधान की विभिन्न धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न कीं। मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

विधान के दौरान भक्ति संगीत की मधुर धुनों और मंगल गीतों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भगवान शांतिनाथ की आराधना में लीन नजर आए।

भजनों की प्रस्तुति के बीच कई श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते हुए दिखाई दिए। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान के चरणों में नमन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने लिया धर्मलाभ

आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के साथ श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने विधान में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

समाजजनों की रही सहभागिता

इस अवसर पर नरेश जैन, राकेश जैन पार्षद, वीरेंद्र कुमार जैन, रविंद्र जैन, प्रदीप जैन, सुभाष जैन, अशोक जैन, धर्मेश जैन, धर्मेंद्र जैन, सुमन जैन, सुशीला जैन, अल्पना जैन, सुनीता जैन, शशि जैन, विजय जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।